कचनरवा/कोन/सोनभद्र – ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला हड़वरिया, वार्ड संख्या-08 में प्राथमिक विद्यालय हड़वरिया के बगल स्थित एक जर्जर एवं झुका हुआ बिजली का पोल ग्रामीणों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

ग्रामीणों के अनुसार खेत के बीच लगा बिजली का पोल काफी समय से एक तरफ झुक गया है और तार भी नीचे लटक रहे हैं। बरसात के मौसम में यह स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। किसानों, बच्चों तथा राहगीरों को हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पोल नहीं बदला गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी अजय प्रकाश गुप्ता को भी कई बार सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक न तो पोल बदला गया और न ही कोई स्थायी समाधान किया गया है। विभागीय उदासीनता से क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि जनहित और सुरक्षा को देखते हुए तत्काल जर्जर पोल को हटाकर नया पोल स्थापित कराया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
“शिकायत पर कार्रवाई नहीं, हादसे का इंतजार क्यों?”
यह सवाल अब क्षेत्र की जनता बिजली विभाग से पूछ रही है। आखिरकार किसी बड़े हादसे के बाद ही विभाग की नींद खुलेगी या समय रहते लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी?











