Israel Attack In Lebanon Live: ईरान में राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के इस्तीफे की खबरों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा रखी थी. लेकिन अब खुद राष्ट्रपति ने सामने आकर इन तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है. अल अरबिया की रिपोर्ट के मुताबिक पेजेश्कियन ने साफ शब्दों में कहा कि वह अपना पद नहीं छोड़ रहे हैं और सामान्य रूप से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं अपना काम जारी रखूंगा और किसी भी स्थिति के लिए तैयार हूं.’ उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान की राजनीतिक और आर्थिक स्थिति को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं. रविवार को कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि राष्ट्रपति ने अपने पद से इस्तीफे की पेशकश की है. उन्होंने सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को अपना इस्तीफा दे दिया है.
पेजेश्कियन ने कहा कि उनकी सरकार समस्याओं को छिपाने के बजाय जनता के सामने वास्तविक रूप में रख रही है. उन्होंने कहा, ‘हम ईरानी जनता के सामने समस्याओं को उनके वास्तविक स्वरूप में प्रस्तुत करते हैं.’ राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि मौजूदा संकटों की गंभीरता को लेकर लोगों के साथ पारदर्शिता बरतना जरूरी है ताकि चुनौतियों का सामना मिलकर किया जा सके.
पिछले कई महीनों से ऐसी खबरें सामने आती रही हैं कि ईरान की सैन्य और सुरक्षा संस्थाओं तथा राष्ट्रपति कार्यालय के बीच तनाव बढ़ रहा है. रिपोर्टों के मुताबिक IRGC धीरे-धीरे राष्ट्रपति के कई अधिकार सीमित कर चुका है और सरकार के अहम हिस्सों पर उसका प्रभाव बढ़ गया है. जानकार सूत्रों का दावा है कि इसी वजह से पेजेशकियन प्रशासन राजनीतिक और प्रशासनिक गतिरोध में फंस गया है. कहा जा रहा है कि इस टकराव के कारण न केवल कूटनीतिक बातचीत प्रभावित हुई है बल्कि कैबिनेट में बदलाव और कई प्रशासनिक फैसले भी अटक गए हैं.
बातचीत खत्म हो जाए तो कोई परवाह नहीं, ट्रंप का ईरान को जवाब
नाकाबंदी जारी रखने का वादा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि उन्हें ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि
ईरान अमेरिका के साथ बातचीत रोक रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि अगर कूटनीतिक चर्चा रुक भी जाते हैं तो उन्हें इसकी कोई चिंता नहीं है. एनबीसी न्यूज़ से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि हो सकता है कि दोनों पक्ष बहुत ज़्यादा बातचीत कर रहे हों. उन्होंने तर्क दिया कि कुछ समय के लिए चुप्पी साधना फायदेमंद हो सकता है. ट्रंप ने कहा कि सच कहूँ तो उन्हें लगता है कि हम बहुत ज्यादा बातचीत कर रहे हैं. उन्होंने कहा उन्हे लगता है कि चुप रहना बहुत अच्छा होगा. उन्होंने इस बात को भी खारिज कर दिया कि बातचीत टूटने का मतलब यह होगा कि ईरान के खिलाफ अपने-आप ही सैन्य कार्रवाई शुरू हो जाएगी.
पर्शियन गल्फ में कार्गो जहाज पर मिसाइल से हमला
खाड़ी में चल रहे कार्गो जहाज पर किसी अज्ञात मिसाइल से हमला हुआ. इससे क्षेत्र में जोरदार धमाका हुआ है. UKMTO की मानें तो यह घटना इराक के उम कासर से लगभग 40 नॉटिकल मील दक्षिण-पूर्व में हुई है. समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने बताया कि उसे इस घटना से किसी भी तरह के पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी नहीं है. जहाज या मिसाइल के बारे में तत्काल कोई और जानकारी मिल नहीं पाई है.
ईरान के ड्रोन हमलों को रोका, कुवैती सेना ने किया दावा
कुवैत की सेना ने बताया कि उसकी हवाई सुरक्षा प्रणालियों ने सोमवार को मिसाइल और ड्रोन हमलों को रोक दिया है. साथ ही अमेरिका ने कहा कि उसने खाड़ी देश में तैनात अमेरिकी सेना को निशाना बनाकर दागी गई दो ईरानी मिसाइलों को मार गिराया है. एक्स पर जारी एक बयान में कुवैत के जनरल स्टाफ ने कहा कि पूरे देश में धमाकों की जो आवाज़ें सुनी गईं. वे एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा दुश्मन के ठिकानों को रोकने के दौरान ये आवाजें आईं थी. यह घटना इस क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच हुई हैय. अमेरिका और उसकी सहयोगी सेनाएं ईरान जवाबी हमलों को लेकर सतर्क हैं.
ईरान अमेरिका के बीच वार्ता बंद, इजरायल की कार्रवाई को बताया सीजफायर का उल्लंघन
ईरान ने अमेरिका के साथ सभी बातचीत रोक दी है. लेबनान में बढ़ते संघर्ष से जुड़े बार-बार हो रहे सीजफायर उल्लंघन के जवाब में होर्मुज को पूरी तरह से बंद करने की तैयारी कर रहा है. ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम की रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान अमेरिका के साथ संदेशों का आदान-प्रदान बंद कर देगा. लेबनान और गाजा में जबतक उसकी शर्तें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक राजनयिक संपर्क फिर से शुरू नहीं करेगा.
इजराइल-हिजबुल्लाह शांति वार्ता आगे बढ़ रही है, लेबनानी राष्ट्रपति का दावा
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने सोमवार को कहा कि इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष को खत्म करने के मकसद से चल रही बातचीत लगातार चुनौतियों और देरी के बावजूद जारी है. कूटनीति पर जोर देते हुए आउन ने कहा कि बातचीत युद्ध से ज्यादा सुरक्षित रास्ता है. स्थायी समाधान पाने के लिए यही एकमात्र विकल्प है. उन्होंने माना कि इसकी धीमी हो सकती है, लेकिन इस बात पर जोर दिया जा रहा है कि बातचीत आगे बढ़ती रहे. उन्होंने कहा कि जिस लक्ष्य तक हम पहुँचना चाहते हैं, उसे पाने में बातचीत में रुकावट या देरी हो सकती है, लेकिन यह आगे बढ़ रही है.
ईरान के कुवैत पर किए हमलों की साऊदी अरब ने की निंदा
सऊदी अरब ने आज सुबह कुवैत में एक अमेरिकी बेस पर ईरान के हमलों की निंदा की. इस हमले की जिम्मेदारी आईआरजीसी ने ली है. इसके बाद साऊदी अरब ने ये प्रतिक्रिया दी है. सऊदी विदेश मंत्रालय ने कहा की ईरान के ये हमले कुवैत की संप्रभुता का उल्लंघन करते हैं. उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के उल्लंघन अंतरराष्ट्रीय प्रयासों को कमजोर करते हैं. इनका उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता को बहाल करना है.ई
Iran Kuwait attack: कुवैत में अमेरिकी सैनिकों पर दागी गई मिसाइलें डाउन, अमेरिकी सेना का दावा
अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया है कि उसने कुवैत में तैनात अपने सैनिकों को निशाना बनाकर दागी गई दो ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया. CENTCOM के अनुसार, यह हमला सुबह 3 बजे (GMT) हुआ था, लेकिन अमेरिकी रक्षा प्रणालियों ने इसे तुरंत नाकाम कर दिया और किसी भी अमेरिकी सैनिक को नुकसान नहीं पहुंचा. इससे पहले ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नासिर कनानी बाघेई ने कहा था कि तेहरान को उन क्षेत्रीय सैन्य ठिकानों और संसाधनों पर जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार है, जिनका इस्तेमाल उसके खिलाफ हमले करने के लिए किया जाता है.
Last night at 11 p.m. ET, U.S. forces successfully intercepted two Iranian ballistic missiles targeting American forces based in Kuwait. These missiles were immediately defeated and no American personnel were harmed.
U.S. Central Command remains vigilant and will continue to…
— U.S. Central Command (@CENTCOM) June 1, 2026
Saudi Arabia on Kuwait Attack: सऊदी अरब ने कुवैत पर ईरानी हमले की निंदा की
सऊदी अरब ने कुवैत में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हुए कथित ईरानी हमले की कड़ी निंदा की है. यह प्रतिक्रिया उस दावे के बाद आई है, जिसमें ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने कुवैत स्थित अमेरिकी बेस पर हमले की जिम्मेदारी लेने की बात कही थी. सऊदी विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि वह ऐसे बार-बार होने वाले और दुर्भावनापूर्ण हमलों को पूरी तरह खारिज करता है. मंत्रालय के मुताबिक यह हमला कुवैत की संप्रभुता का उल्लंघन है और अंतरराष्ट्रीय कानून तथा संयुक्त राष्ट्र चार्टर के खिलाफ है. सऊदी अरब ने कहा कि इस तरह की घटनाएं क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने के प्रयासों को कमजोर करती हैं.
Hormuz Iran: ईरान की गश्ती नौकाएं दे रहीं जहाजों को मार्गदर्शन
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में अपनी तेज रफ्तार गश्ती नौकाओं का वीडियो जारी किया है. IRGC ने इन अभियानों को 24 घंटे चलने वाली नियमित सुरक्षा गश्त बताया है. ईरानी नौसेना के अनुसार, इन गश्ती नौकाओं की जिम्मेदारी होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों को निर्धारित मार्ग पर मार्गदर्शन देना और उनकी आवाजाही पर नजर रखना है. IRGC ने कहा कि यदि कोई जहाज चेतावनियों या निर्देशों का पालन नहीं करता, तो उसकी गतिविधियों को रोका जा सकता है और उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.
IRGC Navy releases footage of fast-boat patrols in the Strait of Hormuz, describing them as round-the-clock routine operations.
The boats are tasked with “guiding” transiting vessels — and stopping any that ignore warnings. pic.twitter.com/hhjePo2BVZ
— Clash Report (@clashreport) June 1, 2026
Israel-Pakistan News: इजरायल को नहीं पाकिस्तान पर भरोसा: रियूवेन अजार
भारत में इजरायल के राजदूत रियूवेन अजार ने कहा है कि इजरायल को पाकिस्तान पर भरोसा नहीं है. उन्होंने इसके पीछे पाकिस्तान के यहूदी विरोधी बयानों को कारण बताया. अजार ने कहा कि अब्राहम समझौते (Abraham Accords) में शामिल होने के लिए किसी भी देश का पहले इजरायल को मान्यता देना जरूरी है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हम किसी भी चीज में जल्दबाजी नहीं कर रहे हैं और पाकिस्तान पर भरोसा नहीं करते. उन्होंने लेबनान के सशस्त्र समूह हिज्बुल्लाह को भी बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि युद्धविराम के बाद से उसने 1,000 से अधिक रॉकेट दागे हैं. अजार का कहना है कि हिज्बुल्लाह इजरायल की सुरक्षा के लिए तत्काल खतरा बना हुआ है. इजरायली राजदूत ने यह भी कहा कि ईरान पर तब तक दबाव बनाए रखना चाहिए, जब तक वह अमेरिका की शर्तों को स्वीकार नहीं कर लेता.
पिछले 24 घंटे में 15 जहाज होर्मुज से गुजरे: आईआरजीसी
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) नौसेना ने दावा किया है कि पिछले 24 घंटों में चार तेल टैंकरों समेत 15 जहाज उसकी अनुमति और समन्वय के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरे. फार्स समाचार एजेंसी के मुताबिक, IRGC ने एक बयान में कहा कि जलडमरूमध्य से गुजरने वाले सभी जहाजों को उसके साथ समन्वय करना होगा. संगठन ने चेतावनी दी कि यदि कोई जहाज “दुश्मन ताकतों” के साथ सहयोग करता पाया गया, तो उसे तत्काल सुरक्षा खतरा माना जाएगा. IRGC ने कहा कि ऐसे किसी भी कदम से सख्ती से निपटा जाएगा.
Iran-US Ceasefire: अमेरिका ने किया युद्धविराम का उल्लंघन: कालिबाफ
ईरान की संसद के स्पीकर और मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाघेर कालिबाफ ने अमेरिका पर युद्धविराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान के खिलाफ नौसैनिक नाकाबंदी जारी रखी है और लेबनान में इजरायली सैन्य कार्रवाइयों को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया. कालिबाफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि लेबनान में बढ़ते हमले और समुद्री नाकाबंदी इस बात का सबूत हैं कि अमेरिका युद्धविराम की शर्तों का पालन नहीं कर रहा है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि हर फैसले की एक कीमत होती है और उसका परिणाम समय आने पर सामने आएगा.
Israel-Lebanon News: इजरायली ड्रोन से कार पर हमला, एक की मौत
लेबनान की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी के मुताबिक इजरायल के एक ड्रोन ने दक्षिणी लेबनान के ज़ेफ्ता कस्बे के पास हाईवे पर चल रही एक कार को निशाना बनाकर हमला किया. इस हमले में कार चला रहे व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया. एजेंसी से जारी तस्वीरों में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही है. फिलहाल मृतक की पहचान और हमले के पीछे के सटीक कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. यह हमला ऐसे समय हुआ है जब दक्षिणी लेबनान में इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है और सीमा क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां तेज बनी हुई हैं.
US-Iran Deal Live: ईरान की नई शर्त, बोला- लेबनान में सीजफायर के बिना नहीं होगा समझौता
अमेरिका-ईरान समझौता लाइव: ईरान ने साफ कर दिया है कि अमेरिका के साथ किसी भी संभावित समझौते में लेबनान में सीजफायर की गारंटी शामिल होना जरूरी है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि लेबनान में युद्ध समाप्त करने वाले किसी भी समझौते के लिए संघर्षविराम एक अनिवार्य शर्त है. यह बयान ऐसे समय आया है जब इजरायल ने लेबनान में अपने सैन्य अभियान का दायरा बढ़ा दिया है और सीजफायर के बावजूद नए हमले जारी हैं. ईरान के इस रुख से अमेरिका-ईरान वार्ता और जटिल हो सकती है.
Israel-Lebanon War Live: नेतन्याहू का बड़ा आदेश, बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हमले की तैयारी
इजरायल-लेबनान युद्ध लाइव: इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सेना को बेरूत के दक्षिणी उपनगर दहियेह इलाके में ‘आतंकी ठिकानों’ पर हमले का आदेश दिया है. नेतन्याहू ने दावा किया कि यह कदम हिज्बुल्लाह की ओर से लेबनान में सीजफायर के बार-बार और लगातार उल्लंघन के जवाब में उठाया जा रहा है. दहियेह को हिज्बुल्लाह का प्रमुख गढ़ माना जाता है. इस आदेश के बाद लेबनान की राजधानी बेरूत में तनाव और बढ़ने की आशंका है, जबकि क्षेत्र में संघर्ष को लेकर अंतरराष्ट्रीय चिंता पहले से बनी हुई है.
Iran-US Conflict Live: ईरान का बयान- जवाबी हमले और आत्मरक्षा का अधिकार
ईरान-अमेरिका संघर्ष लाइव: ईरान ने कहा है कि उसके खिलाफ हमलों में इस्तेमाल होने वाले क्षेत्रीय सैन्य ठिकानों और संसाधनों पर जवाबी कार्रवाई करना उसका वैध आत्मरक्षा अधिकार है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि किसी भी देश की जिम्मेदारी है कि उसकी जमीन या संसाधनों का इस्तेमाल दूसरे देशों पर हमला करने के लिए न हो. यह बयान ऐसे समय आया है जब कुवैत में मिसाइल और ड्रोन हमलों की खबरें सामने आई हैं. बघाई ने यूरोपीय संघ पर भी दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए ईरान की आलोचना को ‘पाखंडी’ करार दिया.
Israel-Lebanon War Live: दक्षिणी लेबनान के दो और कस्बों को खाली करने का आदेश
इजरायल-लेबनान युद्ध लाइव: इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान के मलिख और कफरहौनाह कस्बों के निवासियों को तुरंत घर छोड़ने की चेतावनी जारी की है. अरबी भाषा में जारी संदेश में सेना ने कहा कि वह इन इलाकों में हिज्बुल्लाह के खिलाफ जल्द ‘कड़ी सैन्य कार्रवाई’ करने वाली है. लोगों से कहा गया है कि वे तुरंत अपने घरों से निकलें और कस्बों से कम से कम 1,000 मीटर दूर खुले क्षेत्रों में चले जाएं. यह आदेश ऐसे समय आया है जब दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैन्य अभियान लगातार विस्तार कर रहा है.
Israel-Lebanon War Live: हिज्बुल्लाह के निरस्त्रीकरण से जोड़ा वापसी का रास्ता, इजरायल की नई शर्त
इजरायल-लेबनान युद्ध लाइव: इजरायल ने दक्षिणी लेबनान से अपनी सेना की वापसी को हिज्बुल्लाह के निरस्त्रीकरण की प्रगति से जोड़ दिया है. इजरायली प्रसारक कान की रिपोर्ट के मुताबिक इजरायल चरणबद्ध तरीके से अपनी सेना को दक्षिण की ओर पीछे हटाने और सुरक्षा क्षेत्र को छोटा करने पर विचार कर रहा है, लेकिन यह इस बात पर निर्भर करेगा कि लेबनानी सेना हिज्बुल्लाह को कितना प्रभावी ढंग से निशस्त्र कर पाती है. इजरायली अधिकारियों ने साफ कहा है कि जब तक खतरा बना रहेगा, तब तक पूर्ण वापसी नहीं होगी. यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है जब अमेरिका लेबनान में तनाव कम कराने की कोशिश कर रहा है.
Iran Protest Live: जनवरी प्रदर्शन से जुड़े 2 लोगों को फांसी, ईरान में बड़ा कदम
ईरान प्रदर्शन लाइव: ईरान ने जनवरी में हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों से जुड़े दो लोगों को फांसी दे दी है. मिजान न्यूज एजेंसी के मुताबिक मेहरदाद मोहम्मदिनिया और अश्कान मालेकी को तेहरान के गीशा इलाके में स्थित जाफरी मस्जिद पर हमले, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सुरक्षा बलों से झड़प के मामलों में दोषी ठहराया गया था. रिपोर्ट के अनुसार दोनों की मौत की सजा को सुप्रीम कोर्ट ने भी बरकरार रखा था, जिसके बाद इसे लागू किया गया. आर्थिक हालात को लेकर शुरू हुए प्रदर्शन बाद में ईरान की सरकार के खिलाफ व्यापक विरोध में बदल गए थे.
US-Iran Deal Live: ट्रंप का दावा- समझौता चाहता है ईरान, आलोचकों पर भी साधा निशाना
अमेरिका-ईरान समझौता लाइव: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान समझौता करने के लिए बेहद इच्छुक है और जो भी डील होगी, वह अमेरिका और उसके सहयोगियों के हित में होगी. ट्रुथ सोशल पर जारी बयान में ट्रंप ने अपनी नीतियों की आलोचना करने वालों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि लोग बेवजह नकारात्मक बातें कर रहे हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि मौजूदा संकट का अंत सकारात्मक नतीजे के साथ होगा और कहा, ‘आराम से बैठिए, आखिर में सब ठीक हो जाएगा.’












