Last Updated:
फीफा विश्व कप 2026 के शुरू होने में अब कुछ दिनों का समय रह गया है उससे पहले अर्जेटीना की टेंशन बढ़ गई है. दरअसल टीम के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी के चोटिल होने की अंशाका है. मेस्सी इंटर मियामी की तरफ से खेलते हुए बीच मैच में मैदान छोड़कर बाहर चले गए हैं. इसी कारण उनकी नेशनल टीम चिंतित है.
इंटर मियामी के लिए खेलते हुए मेस्सी चोटिल
नई दिल्ली: लियोनेल मेस्सी के विश्व कप से पहले चोटिल होने की आशंका बन गई है क्योंकि अर्जेंटीना के इस स्टार फुटबॉलर ने इंटर मियामी की तरफ से खेलते हुए मैच के बीच में मैदान छोड़ दिया था. इस तरह से मेस्सी समय से पहले अवकाश पर चले गए और अब मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को यह देखना होगा कि क्या उन्हें कोई चोट लगी है या नहीं. मेस्सी 73वें मिनट में मैदान से बाहर चले गए. लुई सुआरेज़ के तीन गोल की मदद से इंटर मियामी ने इस मैच में फिलाडेल्फिया यूनियन के खिलाफ 6-4 से जीत हासिल की.
मेस्सी की किसी भी समस्या के बारे में तत्काल कोई पता नहीं चल पाया है. इंटर मियामी के साथ अपने तीन साल के कार्यकाल के दौरान मेस्सी को कम से कम दो बार हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझना पड़ा है. मेस्सी ने मैदान छोड़ने से पहले कम से कम एक बार अपनी बायीं हैमस्ट्रिंग को स्पर्श किया और फिर जब उन्हें सब्स्टीट्यूट किया जा सकता था तो वह इंटर मियामी के बेंच की ओर भी नहीं गए. मेस्सी मैदान को टीम के लॉकर रूम से जोड़ने वाली सुरंग से होते हुए बाहर निकल गए. मेस्सी धीरे-धीरे चल रहे थे और उनके साथ टीम के मेडिकल स्टाफ का कोई भी सदस्य नहीं था.
बारिश के कारण फिसलन से आई मेस्सी को खिंचाव
मैच के दूसरे हाफ की शुरुआत में ही तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे कुछ खिलाड़ी मैदान पर फिसलते हुए नजर आए. यह स्पष्ट नहीं था कि मेस्सी का मैदान से बाहर जाना एहतियाती कदम था या नहीं. ऐसा भी नहीं लगा कि बारिश के दौरान उन पर किसी तरह की चोट लगी हो. मेस्सी पहले भी कह चुके हैं कि वह पूरी तरह फिट होने पर ही विश्व कप में खेलेंगे. अर्जेंटीना ग्रुप चरण का अपना पहला मैच 16 जून को खेलेगा.
मेस्सी पांच विश्व कप में हिस्सा ले चुके हैं और टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में दो बार गोल्डन बॉल पुरस्कार जीत चुके हैंं. उन्होंने यह पुरस्कार पहली बार 2014 में और फिर 2022 में जीता था जब उन्होंने अर्जेंटीना को खिताब दिलाया था. यह पुरस्कार 1982 से ही दिया जा रहा है, लेकिन वह इसे दो बार जीतने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं. अर्जेंटीना विश्व कप के ग्रुप जे में है जिसमें उसका सामना 16 जून को कंसास सिटी में अल्जीरिया, 22 जून को अर्लिंग्टन, टेक्सास में ऑस्ट्रिया और 27 जून को अर्लिंग्टन में ही जॉर्डन के खिलाफ होगा. अर्जेंटीना अगर आगे बढ़ता है तो मेस्सी को मियामी गार्डंस में भी खेलने का मौका मिल सकता है लेकिन यह इस पर निर्भर करता है कि यह स्टार स्ट्राइकर विश्व कप में खेलते भी है या नहीं क्योंकि इसमें अभी कुछ संदेह लग रहा है.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें












