Last Updated:
सोशल मीडिया पर बोइंग 777 के जलते इंजन का एक वीडियो वायरल हो रहा है. कई यूजर इसे हाल की विमान दुर्घटना बताकर शेयर कर रहे हैं. यूजर्स के दावों में कितनी सच्चाई है और यह वीडियो कब का है, जानने के लिए पढ़े आगे…
प्लेन के इंजन में लगी आग का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.
United Airlines Flight 328: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक खौफनाक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में नजर आ रहा प्लेन के इंजन आगे से धधकते हुए नजर आ रहा है. इंजन का बड़ा हिस्सा हवा में उठ चुका है. इस खौफनाक मंजर को देखक किसी का भी दिल सहमना लाजमी है. इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया में अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं. लेकिन ये दावे सच्चाई से कोसो दूर हैं.
दरअसल, सोशल मीडिया में यह वीडियो कुछ दिनों पहले का बताया जा रहा है, जोकि सच नही है. यह 20 फरवरी 2021 को हुई एक घटना से जुड़ा हुआ है. उस दिन यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट 328 अमेरिका के डेनवर से होनोलूलू जा रही थी. इस फ्लाइट के लिए एयरलाइंस ने अपना बोइंग 777-200 प्लेन डिप्लॉय किया था. इस प्लेन में 231 पैसेंजर और 10 क्रू मेंबर सवार थे.
अचानक प्लेन के इंजन में हुआ तेज धमाका
टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद प्लेन के दाहिने इंजन में अचानक खराबी आ गई. पायलट कोई एक्शन लेते, इससे पहले इंजन में तेज धमाका हो गया. धमाके के साथ प्लेन के इंजन में आग लग गई. इसके बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को ‘मेडे’ कॉल देकर फुल इमरजेंसी लैंडिग की मांग की. प्लेन को वापस डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट ले जाने का फैसला किया गया.
वायरल वीडियो प्लेन के अंदर बैठे एक पैसेंजर ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड किया था. जिस समय यह वीडियो रिकार्ड किया गया, उस समय तक इंजन का काउलिंग यानी बाहरी कवर उड़ चुका था. इंजन आग से धधक रहा था. इस फ्लाइट में मौजूद एक पैसेंजर डेविड डेलुसिया के अनुसार, धमाके के बाद सभी पैसेंजर्स को लगा कि अब उनकी जान नहीं बचेगी. इस घटना के बाद प्लेन तेजी से नीचे आने लगा था.












