Last Updated:
क्या आपने कभी विद्या बालन का शो ‘हम पांच’ देखा था? उसमें वह किसी टॉमबॉय की तरह दिखी थीं. किसने सोचा था कि वह एक दिन बॉलीवुड की बेहतरीन हीरोइन बनेंगी? विद्या बालन ने बताया कि उनकी मां उनके एक्टिंग करियर के सख्त खिलाफ थीं, क्योंकि वे इसे एक ट्रेडिशनल साउथ इंडियन लड़की के लिए सही नहीं मानती थीं. हालांकि, जब विद्या बालन को एकता कपूर के शो ‘हम पांच’ में राधिका का रोल मिला, तो उनकी सादगी देखकर उनकी मां की नाराजगी दूर हो गई.
विद्या बालन ने सुनाया यादगार किस्सा.
नई दिल्ली: ‘परिणीता’ हो या ‘कहानी’, विद्या बालन ने हर एक रोल से दर्शकों का ध्यान खींचा है. वे एक बेहतरीन हीरोइ हैं, मगर उनकी मां शुरू में उनके फिल्मी करियर के खिलाफ थीं. विद्या बालन ने ‘द अनुपम खेर शो’ में अपने पुराने दिनों को याद किया. उन्होंने बताया कि शुरुआत में उनकी मां उनके एक्टिंग करियर को लेकर बिल्कुल भी राजी या रोमांचित नहीं थीं. एक्ट्रेस की मां का मानना था कि एक साउथ इंडियन लड़की के लिए फिल्मी दुनिया में जाना ठीक नहीं है. वह अक्सर विद्या के पिता से कहती थीं कि वो विद्या को समझाएं और यहां तक कि यह भी कहती थीं कि अगर आज उनके नाना जी जिंदा होते, तो विद्या को कभी एक्ट्रेस बनने की इजाजत नहीं देते. जब विद्या को उस दौर के मशहूर टीवी सीरियल ‘हम पांच’ में काम करने का मौका मिला, तो उनकी मां की नाराजगी पल भर में दूर हो गई.
एकता कपूर ने विद्या बालन को फोन करके ‘हम पांच’ में राधिका का किरदार निभाने का ऑफर दिया था. उस समय यह शो पहले से ही घर-घर पॉपुलर था. विद्या की मां को शो इतना पसंद था कि उन्हें लगता था यह एक साफ-सुथरा सीरियल है, इसलिए वह बेहद खुश हुईं. उन्होंने विद्या को काम करने की मंजूरी दे दी. विद्या बालन करीब डेढ़ साल तक सुपरहिट शो का हिस्सा रहीं और दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाई. हालांकि, बाद में कॉलेज में अटेंडेंस कम होने की समस्या के चलते उन्हें मजबूरी में शो छोड़ना पड़ा, लेकिन तब तक उनके सिर पर एक्टिंग का भूत सवार हो चुका था. उन्होंने ठान लिया था कि उन्हें इसी फील्ड में आगे बढ़ना है.
2005 में आया था शो ‘हम पांच’ का दूसरा सीजन
कल्ट शो ‘हम पांच’ साल 1995 से 1999 तक चला. फिल्म की कहानी आनंद माथुर और उनकी पांच अनोखी बेटियों मीनाक्षी, राधिका, स्वीटी, काजल और छोटी के इर्द-गिर्द घूमती थी, जो अपनी हरकतों से हमेशा मुसीबतें खड़ी करती थीं. शो में अशोक सराफ, राखी टंडन, भैरवी रायचुरा और वंदना पाठक जैसे कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं. साल 2005 में इसका दूसरा सीजन भी आया था. विद्या बालन के लिए शो उनके करियर का एक बहुत बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ, जिसने न सिर्फ उन्हें पहचान दिलाई बल्कि उनकी मां के मन से एक्टिंग को लेकर सारा डर हमेशा के लिए खत्म कर दिया.
About the Author

अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और पॉल…और पढ़ें












