Last Updated:
कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘धमाल’ के चौथे पार्ट की रिलीज की तैयारियां हो चुकी हैं. फिल्म में एक बार फिर जावेद जाफरी अपने आइकॉनिक किरदार मानव को पर्दे पर जिंदा करते हुए नजर आएंगे. दर्शकों को गुदगुदाने वाले इस नादान और मजेदार कैरेक्टर को उन्होंने फ्रेंचाइजी की पिछली तीनों फिल्मों में बेहद बखूबी निभाया है. लगातार चौथी बार उसी भूमिका को दोहराने को लेकर एक्टर ने बताया कि सालों तक एक ही रोल में बार-बार ढलना एक एक्टर के तौर पर कैसा अनुभव देता है.
‘धमाल 4’ फिल्म में अपनी कॉमेडी का जलवा बिखेरेंगे जावेद जाफरी.
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्टर जावेद जाफरी इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘धमाल 4’ को चर्चा में बने हुए हैं. यह एक मल्टीस्टारर फिल्म है जिसमें अजय देवगन, रवि किशन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी समेत कई सितारे नजर आएंगे. इस बीच जावेद जाफरी ने ‘धमाल 4’ में अपने किरदार मानव को लेकर बात की और यह बताया कि क्या लंबे समय तक एक ही किरदार निभाने से बोरियत महसूस होती है.
क्या एक ही किरदार निभाने से होती है बोरियत?
जावेद जाफरी से पूछा गया कि क्या किरदार को लेकर बहुत आश्वस्त होने से मजा कम हो जाता है तो उन्होंने कहा, ‘यह और भी मजेदार होता है, क्योंकि आप किरदार का आनंद ले रहे होते हैं. आप उस किरदार की सीमाओं के भीतर रहते हुए सोचने की कोशिश करते हैं. आप लगातार सोचते हैं कि मैं इसमें और क्या जोड़ सकता हूं? मुख्य बात यह है कि आपको किरदार की सीमाओं के भीतर ही रहना होगा.’
अच्छी राइटिंग से निखरता है किरदार
उन्होंने बताया, ‘सभी कलाकार अपने किरदारों की सीमाओं को समझते हैं. बाकी, लेखन इतना अच्छा है कि इससे स्वाभाविक रूप से बेहतरीन प्रदर्शन होता है. जब लेखन अच्छा नहीं होता तो एक्टर को समस्याओं का सामना करना पड़ता है.’ उन्होंने याद करते हुए कहा, ‘मेरे पिता के समय में मैंने लोगों को यह कहते हुए देखा है कि सर, आप कुछ कीजिए, मुझे हीरो सिर्फ 2 घंटे के लिए मिला है, आप कुछ कीजिए. लेकिन अगर हमें मूल सामग्री ही न दी जाए तो हम क्या कर सकते हैं?’ उन्होंने आगे कहा, ‘जेन जेड पर मजाक बनाना ‘धमाल’ नहीं है. अगर कोई जेन जेड बच्चा आता है तो वह शायद उस किरदार को जोड़ दे. हमारा किरदार जेन जेड नहीं बन सकता.’
इस दिन सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘धमाल 4’ फिल्म
बता दें कि गुलशन कुमार और टी-सीरीज द्वारा प्रस्तुत देवगन फिल्म्स, टी-सीरीज फिल्म्स, मारुति इंटरनेशनल और पैनोरमा स्टूडियोज के सहयोग से ‘धमाल 4’ फिल्म बनी है. इंद्र कुमार ने ‘धमाल 4’ का निर्देशन किया है. इसे अजय देवगन, भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, अशोक ठकेरिया, इंद्र कुमार, आनंद पंडित और कुमार मंगत पाठक ने प्रोड्यूस किया है. कॉमेडी से भरपूर यह फिल्म 10 जुलाई 2026 को रिलीज होगी.
About the Author

कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …और पढ़ें













