—Advertisement—

भारत-पाकिस्तान से भी कट्टर है फुटबॉल में इन दो टीमों की दुश्मनी, मैदान पर खून बहाने को हो जाते हैं तैयार

Author Picture
Published On: June 26, 2026

—Advertisement—

नई दिल्ली: फुटबॉल का महाकुंभ फीफा विश्व कप 2026 के शुरू होने में अब बस कुछ ही दिनों का समय रह गया है. वैसे तो इस बार टूर्नामेंट में कुल 48 टीमें हिस्सा ले रही है, लेकिन फैंस को इंतजार उन मुकाबलों का है जिसमें जीत के लिए ऐसी लड़ाई देखने को मिलती है मानों कि वह कोई जंग हो. ये टीम हैं ब्राजील और अर्जेंटीना. एक तरीके से ये फुटबॉल में भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच की टक्कर जैसी है.

एक टीम में फुटबॉल के भगवान कहे जाने वाले नियोनल मेसी हैं तो दूसरी टीम में तेज तर्रार नेमार. फैंस मैदान पर इन दोनों दिग्गजों को एक्शन में देखने के लिए हमेशा बेताब रहते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं मेसी की अर्जेंटीना और नेमार की ब्राजील के बीच फुटबॉल के मैदान पर क्या प्रतिद्वंदिता रही है. फीफा विश्व कप में कैसा रिकॉर्ड रहा है.

सुपरक्लासिको देलास अमेरिका है ब्राजील-अर्जेंटीना की टक्कर

फुटबॉल की दुनिया में ब्राजील और अर्जेंटीना की प्रतिद्वंदिता को सुपरक्लासिको देलास अमेरिका कहा जाता है. यह सिर्फ दो टीमों का मुकाबला नहीं बल्कि साउथ अमेरिकी फुटबॉल के वर्चस्व, संस्कृति और जुनून की जंग है. फीफा विश्व कप के इतिहास में दोनों दिग्गजों का सामना केवल 4 बार हुआ है. इन मुकाबलों में ब्राजील का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है. ब्राजील ने 2 मैचों (1974 और 1982) में जीत हासिल की, जबकि 1978 का मैच 0-0 से ड्रॉ रहा था.

हालांकि, विश्व कप इतिहास का सबसे चर्चित और विवादित मुकाबला इन्हीं दोनों टीमों के बीच 1990 में खेला गया था, जब राउंड ऑफ 16 में डिएगो माराडोना के जादुई पास पर क्लॉडियो कैनिजिया ने गोल कर अर्जेंटीना को 1-0 से ऐतिहासिक जीत दिलाई थी. इस मैच के साथ होली वॉटर का किस्सा भी हमेशा के लिए जुड़ गया. दरअसल हुआ ये था कि मैच के दौरान जब खेल रुका तो अर्जेंटीना के स्टाफ मेंबर ने ब्राजील के डिफेंडर ब्रांको को पीने के लिए पानी की बोतल दी. ब्रांको ने जैसे ही वह पानी पिया उन्हें चक्कर आने लगे और वे सुस्त महसूस करने लगे. बाद में माराडोना ने ये कहकर सनसनी फैला दी कि उसमें नशीली दवा मिली हुई थी.

ब्राजील बनाम अर्जेंटीना हेड टू हेड

फीफा विश्व कप से इतर इन दोनों टीमों के बीच रिकॉर्ड को देखें तो अब तक 110 से ज्यादा आधिकारिक मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें दोनों टीमों ने एक-दूसरे को बराबरी का टक्कर दिया है. इन मुकाबलो में ब्राजील ने 43 और अर्जेंटीना ने 41 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि 26 मैच ड्रॉ रहे.

महाद्वीपीय स्तर की बात करें तो उसमें अर्जेंटीना का दबदबा रहा है. अर्जेंटीना ने रिकॉर्ड 16 बार कोपा अमेरिका का खिताब जीता है, जबकि ब्राजील ने 9 बार इसे अपने नाम किया है. साल 2021 के कोपा अमेरिका फाइनल में अर्जेंटीना ने ब्राजील को उसी के घर में 1-0 से हराकर चैंपियनशिप जीती थी.

पेले और माराडोना में कौन बेहतर?

फुटबॉल इतिहास में पेले और माराडोना दोनों सर्वकालिक महानतम खिलाड़ियों में से एक हैं. हालांकि, ये दोनों महान खिलाड़ी कभी एक-दूसरे के खिलाफ नहीं खेले. क्योंकि दोनों अलग-अलग दौर के खिलाड़ी थे. इसके बावजूद सर्वकालिक महान खिलाड़ी की बहस ने इन दोनों के जरिए ब्राजील और अर्जेंटीना की राइवलरी को हवा दी.

पेले जहां 3 विश्व कप (1958, 1962, 1970) जीतकर ब्राजीलियाई सांबा फुटबॉल के प्रतीक बने तो वहीं माराडोना ने अकेले दम पर अर्जेंटीना को 1986 का विश्व कप जिताया था. दोनों के बीच बयानों की जंग अक्सर सुर्खियों में रहती थी, हालांकि बाद के दिनों में दोनों के बीच गहरी दोस्ती और सम्मान देखा गया.

मेसी और नेमार में कौन हैं बेहतर

आधुनिक युग के फुटबॉल में लियोनेल मेसी और नेमार जूनियर की प्रतिद्वंदिता पूरी तरह से अलग रही. दोनों बार्सिलोना और पेरिस सेंट-जर्मेन में क्लब स्तर पर गहरे दोस्त रहे, लेकिन जब बात देश की आई तो दोनों ने अपनी टीमों के लिए जान लगा दी. मेसी और नेमार की प्रतिद्वंदिता में मैदान पर कड़ा मुकाबला तो था लेकिन उसमें पेले-माराडोना के दौर जैसी कड़वाहट नहीं थी.

2021 कोपा अमेरिका फाइनल के बाद जहां एक तरफ मेसी के अंतरराष्ट्रीय ट्रॉफी के सूखे के खत्म होने का जश्न था, वहीं दूसरी तरफ हार के बाद रोते हुए नेमार को मेसी ने गले लगाया. वह तस्वीर खेल भावना की मिसाल बन गई थी.

Related News
Home
Facebook
Telegram
X