विंढमगंज/सोनभद्र। ग्राम पंचायत धरती डोलवा निवासी 20 वर्षीय आशीष पासवान पुत्र स्वर्गीय सुरेंद्र पासवान की गुजरात में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुजरात में मुद्रा कक्ष के पास एक ट्रेलर की चपेट में आने से उसकी जान चली गई।बताया जाता है कि आशीष के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार की जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी। घर की आर्थिक स्थिति सुधारने और अपनी बहन की धूमधाम से शादी करने का सपना लेकर वह रोजगार की तलाश में गुजरात गया था, जहां वह ड्राइवरी का कार्य करता था।

परिजनों के अनुसार वह अक्सर अपनी मां से कहता था कि खूब मेहनत करेगा और बहन की शादी अच्छे तरीके से कराएगा, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।मंगलवार को जब आशीष का शव गांव पहुंचा तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों की चीख-पुकार और ग्रामीणों की नम आंखों ने माहौल को गमगीन बना दिया। हर कोई इस होनहार युवक की असमय मौत से स्तब्ध नजर आया।इस दौरान उत्तर प्रदेश सोनभद्र ड्राइवर महासंगठन के प्रदेश अध्यक्ष तादाद मनेर मुल्तान भाई के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी शोक संतप्त परिवार से मिले और आर्थिक सहायता प्रदान की।

संगठन की ओर से प्रदेश संचालक रामबरत यादव, जिला अध्यक्ष सुरेश पटेल, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, जिला संघचालक बनारसी पासवान, जिला कोषाध्यक्ष गौरीशंकर सिंह, जिला सचिव संदीप भाई, दुद्धी ब्लॉक अध्यक्ष रतन प्रकाश मोदी, सतीश भाई, सुरेंद्र गुप्ता एवं देवानंद मौर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।संगठन के पदाधिकारियों ने मृतक की मां को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया तथा ड्राइवर भाइयों से संगठन से जुड़कर एक-दूसरे की मदद और सुरक्षा के लिए आगे आने की अपील की।बाद में गांव के नदी तट पर नम आंखों के बीच आशीष का अंतिम संस्कार किया गया। उसके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।













