सरना पुल पर युवक का शव मिलने से सनसनी, ट्रेन से गिरने की आशंका

विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत घिवही स्थित मालिया नदी के सर्ना पुल के पास रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान संतोष तिर्की (लगभग 33 वर्ष), निवासी हेहल सुखदेव नगर, रांची (झारखंड) के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे रेलवे ट्रैक की निगरानी कर रहे गैंगमैन की नजर खंभा संख्या 60/23 के पास पुल पर पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत स्थानीय लोगों को सूचना दी, जिसके बाद स्टेशन मास्टर विंढमगंज और थाना पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान मृतक के पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, रेलवे टिकट और लगभग 400 रुपये नकद बरामद हुए, जिससे उसकी पहचान सुनिश्चित हो सकी। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अनुसार, मृतक की पत्नी ने देर रात धनबाद मंडल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पति ट्रेन से गिर गए हैं।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।



















