Last Updated:
La Liga 2025-26 Barcelona vs Athletic Bilbao: यूरोप के सबसे बड़े फुटबॉल स्टेडियम कैंप नोउ में दो साल से भी लंबे समय बाद खेलते हुए बार्सिलोना ने अपने फैंस को प्रचंड जीत से यादगार तोहफा दिया. बार्सिलोना ने स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लिगा 2025-26 में एथलेटिक बिलबाओ पर 4-0 से शानदार जीत दर्ज की और खचाखच भरे स्टेडियम में जश्न मनाया.
बार्सिलोना ने एथलेटिक बिलबाओ को हराया.
नई दिल्ली. बार्सिलोना ने ऐतिहासिक फुटबॉल स्टेडियम कैंप नोउ में यादगार जीत से वापसी की है. दरअसल, बार्सिलोना की टीम इस मैदान पर दो साल से भी लंबे समय समय बाद कोई मैच खेलने उतरी. बार्सिलोना ने स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लिगा 2025-26 में एथलेटिक बिलबाओ पर 4-0 से हरा दिया और 45000 फैंस से खचाखच भरे स्टेडियम में इस प्रचंड जीत का जश्न मनाया. रॉबर्ट लेवांडोस्की ने मैच का पहला गोल किया और इसे यादगार बताया.
फेरान टोरेस ने दागे दो गोल
बता दें कि यूरोप के सबसे बड़े फुटबॉल स्टेडियम कैंप नोउ को नए सिरे से तैयार किया गया है. उसे पिछले दो साल से भी अधिक समय तक बंद रखा गया था और अब लगभग आधी क्षमता पर फिर से खोला गया है. इस स्टेडियम में लंबे समय बाद होने वाले इस मैच को देखने के लिए लगभग 45000 फैंस मौजूद थे. रॉबर्ट लेवांडोस्की ने मैच शुरू होने के सिर्फ चार मिनट बाद ही गोल करके माहौल बना दिया. फेरान टोरेस ने अपने साथी फॉरवर्ड लामिन यामल के शानदार पास से दो गोल किए और फर्मिन लोपेज ने कैंप नोउ में अपने पहले मैच में गोल दागा.
जीत के बाद क्या बोले लेवांडोस्की?
लेवांडोस्की ने जीत के बाद कहा, ‘हमने शुरुआत से ही अच्छा खेल दिखाया और तीन अंक हासिल किए, लेकिन आज सबसे अहम बात कैंप नोउ में वापसी है. यहां खेलने का मजा ही कुछ और है. मुझे लगता है कि जब हम कैंप नोउ में खेलते हैं तो हम थोड़े ज्यादा मजबूत होते हैं.’ बार्सिलोना के फैंस ने ठंडे मौसम के बावजूद जश्न के माहौल के बीच मैच शुरू होने से पहले क्लब का गीत गाया. इससे पहले आखिरी बार वे कैंप नोउ में मई 2023 में कोई मैच देख पाए थे.
‘इस गोल को हमेश याद रखूंगा’
लेवांडोस्की इस मैदान पर बार्सिलोना के वापसी मैच में पहला गोल करने को लेकर खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा, ‘आज का दिन मेरे लिए ही नहीं, बल्कि सभी के लिए बेहद खास था. इसीलिए मैं बहुत खुश हूं कि कैंप नोउ में वापसी करते हुए मैं पहला गोल कर सका.’ उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे अलग-अलग स्टेडियमों में खेलने का बहुत अनुभव है, लेकिन यहां कुछ खास है. मुझे खुद पर और टीम पर बहुत गर्व है, क्योंकि हमने आज शानदार प्रदर्शन किया और जीत हासिल की. मुझे लगता है कि मेरे लिए यह पहला गोल कुछ ऐसा है जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा.’
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें


