Last Updated:
दिग्गज एक्टर ऋषि कपूर अपने बेबाक मिजाज के लिए जाने जाते थे. वह गलती करने पर बेटे रणबीर कपूर को भी फटकार लगा देते थे. हाल ही में फिल्म ‘दो दूनी चार’ के लाइन प्रोड्यूसर सुमित त्यागी ने एक हैरान करने वाला किस्सा शेयर किया. उन्होंने बताया कि जब इंटरव्यू के दौरान रणबीर कपूर ने एक बार गांजा ट्राई करने की बात कबूली, तो टीवी पर यह सब देखकर ऋषि कपूर गुस्से से लाल हो गए थे. इसके बाद उन्होंने तुरंत फोन पर रणबीर की क्लास लगाई थी.
‘दो दूनी चार’ फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर ने ऋषि कपूर से जुड़ा किस्सा बताया.
नई दिल्ली. बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर ऋषि कपूर अपने कड़क मिजाज के लिए जाने जाते थे. कई बार सेट पर उनका गुस्सा और तीखा अंदाज लोगों को डरा देता था. हाल ही में फिल्म ‘दो दूनी चार’ के लाइन प्रोड्यूसर सुमित त्यागी ने इंटरव्यू में ऋषि कपूर से जुड़ा एक दिलचस्प और हैरान करने वाला किस्सा शेयर किया है. सुमित ने बताया कि फिल्म के सेट पर ऋषि कपूर का खौफ इस कदर था कि हर कोई उनसे बात करने से कतराता था. उन्होंने यह खुलासा किया कि ऋषि कपूर ने एक बार रणबीर कपूर को गांजा फूंकने की बात कबूलने पर खूब फटकार लगाई थी.
दहशत का आलम तो यह था कि एक बार जब रणबीर कपूर खुद अपने माता-पिता से मिलने सेट पर आए, तो वह सिर्फ अपनी मां नीतू कपूर से मिलकर चुपचाप लौट गए, पिता ऋषि कपूर के सामने जाने की उनकी भी हिम्मत नहीं हुई. सुमित त्यागी ने ऋषि कपूर को याद करते हुए कहा कि वह कभी-कभी सेट पर सबको बहुत डरा-धमका कर रखते थे, जबकि नीतू कपूर का स्वभाव इसके बिल्कुल उलट था. वह बेहद शांत थीं और सेट पर मौजूद हर छोटे-बड़े शख्स को पूरा सम्मान देती थीं.
ऋषि कपूर से सेट पर डरते थे लोग
द शिवम पॉडकास्ट पॉडाकास्ट पर बात करते हुए सुमित ने ‘दो दूनी चार’ की शूटिंग के दिनों को याद किया. उन्होंने बताया, ‘ऋषि जी से सेट पर हर कोई डरता था. वह बहुत मुश्किल से तो नकली मूंछें लगवाते थे और फिर जरा सी बात पर धमकी देने लगते थे कि मूंछें उतार दूंगा. वह इतने सीनियर और अनुभवी थे कि उनके पास बताने के लिए बहुत कुछ था. वह कई तरह की बातें करते थे, लेकिन सेट पर मौजूद आज के युवा लड़के-लड़कियां उनकी बातें सुनने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाते थे.’
ऋषि कपूर ने रणबीर कपूर को लगाई थी फटकार
इसी दौरान सुमित ने बताया कि एक दिन जब वह ऋषि के साथ बैठकर लाइन्स पढ़ रहे थे, तभी सामने टीवी पर रणबीर कपूर का एक इंटरव्यू आ रहा था. सुमित ने याद करते हुए बताया, ‘टीवी पर रणबीर कह रहे थे कि उन्होंने एक बार गांजा ट्राई किया था. यह देखते ही ऋषि जी का पारा चढ़ गया. उन्होंने तुरंत रणबीर को फोन मिलाया, मुझे कमरे से बाहर जाने को कहा और फोन पर ही रणबीर को बुरी तरह डांटना शुरू कर दिया.’
पिता ऋषि से बिना मिले चले गए थे रणबीर कपूर
सुमित ने बताया कि एक बार तो हद ही हो गई, जब रणबीर खुद सेट पर आए लेकिन अपने पिता से मिले बिना ही चले गए. उन्होंने बताया, ‘एक बार रणबीर कपूर सेट पर आए थे. वह सिर्फ अपनी मां से मिले और वहीं से चुपचाप निकल गए, अपने पिता से मिलने की उनकी हिम्मत ही नहीं हुई. ऋषि का खौफ ही ऐसा था. खुद नीतू जी भी कहती थीं कि रात को ड्रिंक करने के बाद वह बिल्कुल ठेठ पंजाबी रंग में आ जाते हैं. पर हां, वह इंसान बहुत दिलदार थे. शूटिंग के आखिरी दिन उन्होंने मुझसे जिस तरह प्यार से बात की, मेरे मन का सारा डर और शिकायतें पल भर में दूर हो गईं.’ गौरतलब है कि साल 2020 में ऋषि कपूर ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था.
About the Author

कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …और पढ़ें












