Last Updated:
बांग्लादेश के खिलाफ सैफ कप के फाइनल में भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने 3-1 से जीत हासिल कर छठी बार खिताब को अपने नाम किया. भारत ने इस पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल का प्रदर्शन किया. सैफ कप 2026 में भारत के खिलाफ सिर्फ 1 गोल फाइनल में हुआ. इसके साथ ही टीम की स्टार खिलाड़ी ग्रेस डांगमेई ने रिटायरमेंट की घोषणा भी की.
सैफ चैंपियनशिप में भारत ने बांग्लादेश को हराया
नई दिल्ली: भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने शनिवार को खेले गए फाइनल में बांग्लादेश पर 3-1 की शानदार जीत के साथ छठी बार सैफ महिला चैंपियनशिप का खिताब जीता. भारत ने सात साल बाद यह ट्रॉफी जीती. देश के लिए प्यारी खाका (42वें मिनट), सनफिदा नोंग्रम (46वें मिनट) और लिंडा कॉम सर्टो (82वें मिनट) ने गोल किए. बांग्लादेश के लिए एकमात्र गोल रितु पोर्ना चकमा (45+2वें मिनट) ने किया. मेजबान टीम ने ग्रुप चरण में भी इसी प्रतिद्वंद्वी को 3-0 से हराया था.
भारत ने टूर्नामेंट में बिना कोई मैच गंवाए अपना सफर पूरा किया. उन्होंने 18 गोल किए और सिर्फ एक गोल खाया जिससे टूर्नामेंट में उनका दबदबा साफ दिखा. भारतीय टीम ने मालदीव पर 11-0 की जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी और फिर बांग्लादेश को 3-0 से हराकर ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल किया था. लगातार पांच बार खिताब जीतने के बाद भारत पिछले दो चरणों में फाइनल तक भी नहीं पहुंच पाया था. बांग्लादेश ने इन दोनों मौकों (2022 और 2024) पर नेपाल को हराकर ट्रॉफी जीती थी. भारत ने पिछली बार 2019 में यह खिताब जीता था.
टीम को चैंपियन बनाने के बाद ग्रेस डांगमेई ने लिया संन्यास
सैफ कप में टीम इंडिया के चैंपियन बनने के साथ ही स्टार खिलाड़ी ग्रेस डांगमेई ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा भी की. यह घोषणा टीम के यहां फाइनल में बांग्लादेश पर 3-1 की जीत से सैफ चैंपियनशिप का खिताब जीतने के बाद की गई. मणिपुर की रहने वाली 30 वर्षीय फॉरवर्ड खिलाड़ी ने 2013 में अपने पदार्पण के बाद से 95 बार देश का प्रतिनिधित्व किया और अपना तीसरा सैफ खिताब जीतकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का शानदार समापन किया.
“The team promised me that they will hand this trophy to me.” 🥹












