पिता की हत्या के मामले का 08 घंटे में खुलासा, आरोपी पुत्र गिरफ्तार, आला कत्ल बरामद

विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना विंढमंजग पुलिस ने पिता की हत्या के सनसनीखेज मामले का मात्र 08 घंटे में सफल अनावरण करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा (आला कत्ल) भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अंकित कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) श्री अभय नाथ त्रिपाठी एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी श्री राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में थाना विंढमंजग पुलिस को यह सफलता मिली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 जून 2026 की रात लगभग 11 बजे ग्राम पकरी निवासी श्रीनाथ (52 वर्ष) एवं उनके पुत्र सोनू के बीच घरेलू विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि सोनू ने पास में रखा लकड़ी का डंडा उठाकर अपने पिता के सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल श्रीनाथ को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना के संबंध में थाना विंढमंजग पर मु0अ0सं0 87/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। 22 जून को पुलिस ने आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी: सोनू पुत्र स्व. श्रीनाथ, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम पकरी, थाना विंढमंजग, जनपद सोनभद्र।
गिरफ्तार/अनावरण करने वाली पुलिस टीम:
प्रभारी निरीक्षक श्री संतोष कुमार सिंह
उपनिरीक्षक श्री सुनील कुमार राय
कांस्टेबल तरूण वर्मा
कांस्टेबल आलोक कुमार
कांस्टेबल फिरोज अहमद
सोनभद्र पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है।












