Last Updated:
Iran US War News: द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों से बहरीन स्थित अमेरिकी नौसेना के फिफ्थ फ्लीट मुख्यालय को भारी नुकसान पहुंचा. इसके बाद अमेरिका पश्चिम एशिया में अपनी सैन्य रणनीति की समीक्षा कर रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, सैन्य ठिकानों को अंडरग्राउंड बनाने, सैनिकों की तैनाती बदलने और कुछ क्षमताओं को इजरायल में शिफ्ट करने जैसे विकल्पों पर विचार किया जा रहा है.
अमेरिका को ईरानी हमले में हुआ था नुकसान.
Iran US War News: ईरान और अमेरिका का युद्ध अब थम गया है. अब इस युद्ध के दौरान अमेरिका को हुए नुकसानों की डिटेल सामने आ रही है. ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों ने पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी पर बड़ा असर डाला है. द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी से जून के बीच हुए हमलों में बहरीन स्थित अमेरिकी नौसेना के प्रमुख अड्डे नेवल सपोर्ट एक्टिविटी (NSA) बहरीन को भारी नुकसान पहुंचा. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हमलों में कमांड मुख्यालय, कम से कम 12 इमारतें और दो सैटेलाइट कम्युनिकेशन टर्मिनल क्षतिग्रस्त हुए. हालांकि अमेरिकी रक्षा विभाग ने नुकसान की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है.
अब बदल सकती है अमेरिकी रणनीति
रिपोर्ट के अनुसार, यह बेस अमेरिकी नौसेना की फिफ्थ फ्लीट का मुख्यालय है और पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य अभियानों के लिए बेहद अहम माना जाता है. अमेरिकी सेना का कहना है कि हमलों में कोई बड़ा सैन्य अभियान प्रभावित नहीं हुआ और अधिकांश सैनिकों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया था. रिपोर्ट में कहा गया है कि बहरीन के अलावा क्षेत्र में मौजूद कम से कम 20 अन्य अमेरिकी सैन्य और राजनयिक ठिकानों पर हुए हमलों के बाद अमेरिका अपनी पूरी सैन्य रणनीति की समीक्षा कर रहा है.
क्या-क्या हो सकते हैं बदलाव?
अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि कई विकल्पों पर विचार किया जा रहा है. इनमें बहरीन स्थित बेस का नया डिजाइन तैयार करना, कुवैत और सऊदी अरब में सैनिकों की संख्या कम करना, कुछ सैन्य गतिविधियों को पश्चिम की ओर स्थानांतरित करना और कमांड सेंटर को अंडरग्राउंड बनाना शामिल है. रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ अमेरिकी सैन्य क्षमताओं को इजरायल में स्थानांतरित करने पर भी विचार किया जा रहा है, हालांकि अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है.
नुकसान छिपाने में लगा अमेरिका
रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल में अमेरिकी सरकार ने क्षतिग्रस्त सैन्य ठिकानों की सैटेलाइट तस्वीरों तक सार्वजनिक पहुंच भी सीमित कर दी थी. इसका कारण अमेरिकी सैनिकों की सुरक्षा बताया गया. रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कांग्रेस में हुई सुनवाई के दौरान नुकसान की लागत बताने से इनकार कर दिया था. वहीं पेंटागन के शुरुआती अनुमान में युद्ध की लागत करीब 29 अरब डॉलर बताई गई थी, लेकिन इसमें सैन्य ठिकानों को हुए नुकसान को शामिल नहीं किया गया था.
ईरान के हमले में कितना हुआ नुकसान?
द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अनुमान लगाया है कि केवल बहरीन स्थित NSA बेस की क्षतिग्रस्त इमारतों के पुनर्निर्माण पर करीब 40 करोड़ डॉलर खर्च हो सकते हैं. वहीं सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज (CSIS) के आकलन के अनुसार, पूरे क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को हुए नुकसान की लागत 2.2 अरब से 5.1 अरब डॉलर के बीच हो सकती है.
About the Author

Yogendra Mishra holds a degree in Journalism from the University of Allahabad. He has been actively associated with the media industry since 2017 and brings extensive experience across various domains of journa…और पढ़ें












