—Advertisement—

Donald Trump Speech | Trump addresses on Iran war | ईरान पर कब तक अटैक, होर्मुज कब खुलेगा, अमेरिका का मकसद कितना पूरा? ट्रंप ने दुनिया को बताया

Author Picture
Published On: April 2, 2026

—Advertisement—

Trump Speech on Iran War: अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान युद्ध पर पहली बार देश को संबोधित किया. डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्र के नाम अपने पहले संबोधन में अमेरिकियों को ईरान जंग का अपडेट दिया. ईरान युद्ध कब खत्म होगा, ईरान पर अभी और कब तक अटैक होंगे, ईरान में अमेरिका का कितना मकसद पूरा हुआ, ईरान के कितने लीडर्स मारे गए, होर्मुज पर अमेरिका का क्या प्लान? डोनाल्ड ट्रंप ने विस्तार से दुनिया को बताया. डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान जंग में जीत का दावा किया. हालांकि, उन्होंने पूर्ण जीत नहीं कहा. उन्होंने कहा कि यह ईरान युद्ध अब खत्म होने वाला है. इसमें अभी दो या तीन हफ्ते और लग सकते हैं. इससे पहले उन्होंने कहा था कि ईरान ने अमेरिका से युद्धविराम का अनुरोध किया था, लेकिन ईरान ने इस दावे को नकार दिया,. चलिए जानते हैं डोनाल्ड ट्रंप की स्पीच की खास बातें.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय समयानुसार आज यानी गुरुवार सुबह अमेरिकियों से कहा कि ईरान युद्ध खत्म होने के करीब है और उन्होंने अनुमान लगाया कि इसमें अभी दो से तीन हफ्ते और लगेंगे. देश के नाम संबोधन में उन्होंने कहा, ‘आज मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि ये मुख्य रणनीतिक लक्ष्य पूरे होने के करीब हैं.’

ईरान को पाषाण युग में भेजेगा अमेरिका

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान अमेरिका की शर्तों पर सहमत नहीं होता है तो वॉशिंगटन अगले दो से तीन हफ्तों में हमलों को और तेज करने के लिए तैयार है. उन्होंने चेतावनी दी कि देश को वापस पाषाण युग में पहुंचाया जा सकता है. ट्रंप ने इस बात पर जोर दिया कि जब तक अमेरिका के लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते, तब तक मिलिट्री दबाव बनाए रखना जरूरी है.

ईरान की सेना-नौसेना सब तबाह

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘ईरान जंग में हमने यह सब कर लिया है. उनकी नौसेना खत्म हो चुकी है. उनकी वायुसेना खत्म हो चुकी है. उनकी मिसाइलें लगभग खत्म हो चुकी हैं या नष्ट हो गई हैं. कुल मिलाकर ये कदम ईरान की सेना को पंगु बना देंगे, आतंकवादी प्रॉक्सी को समर्थन देने की उनकी क्षमता को कुचल देंगे और उन्हें परमाणु बम बनाने की क्षमता से वंचित कर देंगे.’

ट्रंप ने अमेरिकी सैनिकों को किया याद

अमेरिकी सेना की उपलब्धियों का जश्न मनाते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने उन अमेरिकी सैनिकों को भी याद किया जो इस युद्ध में मारे गए हैं. उन्होंने युद्ध को जल्द से जल्द खत्म करने का वादा किया. ट्रंप ने कहा, ‘जैसे-जैसे हम इस प्रगति का जश्न मना रहे हैं हम विशेष रूप से उन 13 अमेरिकी योद्धाओं को याद करते हैं जिन्होंने इस लड़ाई में अपनी जान न्योछावर कर दी, ताकि हमारे बच्चों को कभी भी परमाणु शक्ति वाले ईरान का सामना न करना पड़े. हम उन्हें सलाम करते हैं और अब हमें उस मिशन को पूरा करके उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देनी चाहिए जिसके लिए उन्होंने अपनी जान दी.’

डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि मारे गए सैनिकों के परिवारों ने उनसे कहा था कि वे इस काम को पूरा करें. हम इस काम को पूरा करने जा रहे हैं और हम इसे बहुत तेजी से पूरा करेंगे. हम लक्ष्य के बहुत करीब पहुंच चुके हैं.’

होर्मुज खोलने की जिम्मेदारी किसकी?

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज यानी होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की जिम्मेदारी अमेरिकी सहयोगियों की होगी. उन्होंने उनसे आग्रह किया कि वे कुछ रुकी हुई हिम्मत जुटाएँ और इस अहम जलमार्ग पर फिर से नियंत्रण पाने के ऑपरेशन का नेतृत्व करें. उन्होंने कहा, ‘ होर्मुज पर जाओ और बस उसे ले लो. उसकी रक्षा करो, उसे अपने लिए इस्तेमाल करो. मुश्किल काम हो चुका है. इसलिए अब यह आसान होना चाहिए.’

कब और कैसे खुलेगा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज

ईंधन की बढ़ती कीमतों के बावजूद डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज के बंद होने के असर को कम करके आंका. उन्होंने संबोधन में दावा किया कि अमेरिका को इस जलडमरूमध्य का इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं है. साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि युद्ध के बाद यह शिपिंग मार्ग यानी होर्मुज अपने आप खुल जाएगा. भले ही ईरान ने बार-बार यह कसम खाई हो कि वह इस जलमार्ग को पूरी तरह से बंद रखेगा, जो दुनिया के लगभग 20% तेल के परिवहन के लिए ज़िम्मेदार है.

अमेरिका से तेल खरीदे दुनिया- ट्रंप

ट्रंप ने कहा कि दुनिया के जिन देशों को होर्मुज के रास्ते तेल मिलता है, उन्हें उस मार्ग का ध्यान रखना चाहिए. उन्हें उसकी कद्र करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि होर्मुज खुद खुल जाएगा. जिन्हें जल्दी है, वो अमेरिका से तेल ले सकते हैं.

होर्मुज खुलना अब आसान: ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘ईरान असल में पूरी तरह से तबाह हो चुका है. मुश्किल काम हो गया है, इसलिए अब सब आसान होना चाहिए. और वैसे भी जब यह टकराव खत्म होगा, तो यह होर्मुज जलडमरूमध्य अपने आप खुल जाएगा. यह बस अपने आप खुल जाएगा. उन्होंने आगे कहा कि ईरान तेल बेचना चाहेगा, क्योंकि उनके पास दोबारा सब कुछ बनाने के लिए बस यही एक चीज बची है.’ उन्होंने कहा कि जलडमरूमध्य के फिर से खुलने से तेल का बहाव फिर से शुरू हो जाएगा और गैस की कीमतें तेजी से नीचे आ जाएंगी.

Related News
Home
Facebook
Telegram
X