हरनाकछार में 32 वर्षीय महिला ने पेड़ से फांसी लगाकर की आत्महत्या, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

0

हरनाकछार में 32 वर्षीय महिला ने पेड़ से फांसी लगाकर की आत्महत्या, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

विण्ढमगंज (सोनभद्र)। विकासखंड दुद्धि के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरनाकछार के चर्क पथली टोला में शुक्रवार की सुबह उम्र लगभग 32 वर्षीय महिला द्वारा पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतका की पहचान ललिता देवी पत्नी अमरीश पनीका के रूप में की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने घर के समीप स्थित आम के पेड़ पर महिला का शव लटकता देखा, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर पर केवल दो महिलाएं मौजूद थीं, जो आपस में सगी बहनें हैं। उस समय घर में कोई भी पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था।

ललिता देवी अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनमें एक पुत्र और दो पुत्रियां शामिल हैं। मां की असामयिक मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में गहरा दुख और संवेदना व्याप्त है तथा हर कोई बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जता रहा है।

घटना की सूचना सुबह करीब 7 बजे ग्राम प्रधान को दी गई। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी मौके पर पहुंचे और तत्काल स्थानीय प्रशासन एवं विण्ढमगंज पुलिस को अवगत कराया। सूचना पाकर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर अपने कब्जे में लिया तथा आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच की जाएगी।

ग्रामीणों के अनुसार, ललिता देवी शांत और सरल स्वभाव की महिला थीं। किसी से उनका विवाद होने की जानकारी सामने नहीं आई है। इस दुखद घटना के बाद चर्क पथली टोला सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल बना हुआ है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया है।

 

Leave A Reply

Please enter your comment!
Please enter your name here