8 महीने की गर्भवती महिला को स्टेशन पर छोड़कर रिश्तेदार फरार, डायल 112 ने कराया अस्पताल में भर्ती |
दुद्धी (सोनभद्र)। कस्बा स्थित दूधीनगर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की सुबह एक गर्भवती महिला बेसहारा हालत में पड़ी मिली। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया, जहां महिला चिकित्सक डॉ. स्मिता सिंह द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला की पहचान रजवंती देवी (30) पत्नी मानसिंह गौड़, निवासी ग्राम हरना कछार के रूप में हुई है। महिला ने बताया कि उसका पति उसे मारपीट कर घर से निकाल चुका है, वहीं मायके पक्ष ने भी उससे दूरी बना ली है।

पीड़िता ने बताया कि पिछले तीन दिनों से वह अपनी रिश्ते की चाची के घर पर रह रही थी, जिसने सोमवार रात लगभग 1 बजे उसे रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया और झारखंड चली गई। रजवंती देवी के पास कोई ठिकाना न होने के कारण उसने स्टेशन पर ही रात गुजारी। सुबह स्टेशन पर सोई महिला को देख स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि महिला क्षुब्ध स्थिति में स्टेशन पर मिली थी। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम ने उसे तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। महिला की स्थिति को देखते हुए उसके परिजनों को सूचित किया गया है।
—
मुख्य बिंदु:
8 महीने की गर्भवती महिला रातभर स्टेशन पर भूखी-प्यासी पड़ी रही।
पति ने घर से निकाल दिया, मायके वालों ने भी साथ छोड़ दिया।
रिश्तेदार महिला रात में स्टेशन पर छोड़कर फरार।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती।


