Last Updated:
एस्टाडियो एज्टेका स्टेडियम में इंग्लैंड ने राउंड ऑफ 16 के अंतिम मैच में मेक्सिको को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बना ली है. इंग्लैंड के लिए जूड बेलिंगहैम दो और हैरी केन ने 1 गोल किया. हैरी केन का इस विश्व कप में ये छठा गोल था. वहीं, क्वार्टर फाइनल में अब इंग्लैंड का सामना नॉर्वे से होगा.
फीफा विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंची इंग्लैंड
नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 में इंग्लैंड ने एस्टाडियो एज्टेका स्टेडियम से जुड़े अपने दाग को धो दिया. रविवार को सह-मेजबान मेक्सिको के खिलाफ इस स्टेडियम में 3-2 से जीत हासिल कर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बना ली है. इंग्लैंड और मैक्सिको के बीच राउंड ऑफ 16 का ये मुकाबला बहुत ही रोमांचक रहा. इंग्लैंड के लिए जूड बेलिंगहैम ने 98 सेकंड के अंतराल में दो गोल किए और हैरी केन ने पेनल्टी को तब गोल में बदला जब इंग्लैंड 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रहा था. इससे इंग्लैंड ने इस स्टेडियम में मैक्सिको को विश्व कप में पहली हार का स्वाद चखाया.
इंग्लैंड सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए शनिवार को फ्लोरिडा के मियामी गार्डन्स में नॉर्वे का सामना करेगा. यह वही स्टेडियम है जहां 1986 के विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में डियागो माराडोना के कुख्यात ‘हैंड ऑफ गॉड’ गोल और ‘सदी के सर्वश्रेष्ठ गोल’ की बदौलत अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को हराया था. बेलिंगहैम ने 80,000 से अधिक दर्शकों को उस स्टेडियम में चौंका दिया, जहां मैक्सिको 10 विश्व कप मैचों में अपराजित रहा था, जिसमें इस साल के तीन मैच भी शामिल हैं.
गोल्डन बूट की रेस में दूसरे स्थान पर हैरी केन
जूलियन क्विनोनेस ने 42वें मिनट में मैक्सिको के लिए गोल किया. इसके बाद तब मैच का रुख मैक्सिको के पक्ष में मुड़ता नजर आ रहा था जब इंग्लैंड के जारेल क्वानसाह को 54वें मिनट में जीसस गैलार्डो पर खतरनाक फाउल करने के लिए मैदान से बाहर भेज दिया गया. लेकिन मैक्सिको के गोलकीपर राउल रेंगल की गलती के चलते इंग्लैंड को पेनल्टी मिली और केन ने इसे गोल में तब्दील करते हुए टूर्नामेंट का अपना छठा और विश्व कप करियर का 14वां गोल दागा.
इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम जर्मनी के गेर्ड मुलर की बराबरी करते हुए विश्व कप में गोल करने वालों की सूची में पांचवां स्थान हासिल कर लिया. केन के इस टूर्नामेंट में छह गोल हो गए हैं और ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में वह लियोनेल मेस्सी, काइलियन एमबाप्पे और एर्लिंग हालैंड से सिर्फ एक गोल पीछे हैं.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें












