मूसलाधार बारिश ने खोली रेलवे अंडरपास की पोल, विंढमगंज–कोन मार्ग पर घंटों ठप रहा आवागमन, सैकड़ों लोग फंसे










विंढमगंज (सोनभद्र), 29 जून 2026। सोमवार शाम लगभग 4:30 बजे हुई तेज मूसलाधार बारिश ने विंढमगंज–कोन मुख्य मार्ग स्थित रेलवे अंडरपास (गेट संख्या-49) की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए इस अंडरपास में भारी मात्रा में बारिश का पानी भर जाने से पूरा मार्ग जलमग्न हो गया, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि दोपहिया वाहन लगभग पूरी तरह पानी में डूबने की स्थिति में पहुंच गए, जबकि चार पहिया वाहन भी जान जोखिम में डालकर पानी से गुजरते नजर आए। कई वाहनों के अंदर तक पानी घुस गया। अंडरपास के दोनों ओर सैकड़ों लोग घंटों फंसे रहे और पानी कम होने का इंतजार करने को मजबूर हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हर बारिश में अंडरपास में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लोगों का आरोप है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण आम जनता को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने रेलवे विभाग से अंडरपास में स्थायी जल निकासी व्यवस्था, पंपिंग सिस्टम तथा नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
ग्रामीणों के अनुसार, इस गंभीर समस्या की जानकारी स्टेशन मास्टर आलोक कुमार को भी दे दी गई है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने और अंडरपास को सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन योग्य बनाने की मांग की है।












