विंढमगंज–कोन मार्ग पर निर्माण बना मुसीबत, ओझा पहाड़ी में रोज लग रहा जाम

विंढमगंज से कोन तक बनाए जा रहे 22 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग का पुनः निर्माण कार्य इन दिनों जारी है, लेकिन चौड़ीकरण न किए जाने के कारण यह कार्य लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। खासकर ओझा पहाड़ी क्षेत्र में स्थिति अत्यंत गंभीर हो चुकी है, जहां आए दिन भीषण जाम लग रहा है और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
ओझा पहाड़ी, जो विंढमगंज से लगभग 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, इस समय जाम का मुख्य केंद्र बन गया है। सड़क संकरी होने और निर्माण कार्य के चलते वाहन आमने-सामने फंस जा रहे हैं, जिससे घंटों तक लंबी कतार लग जाती है। इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों, ग्रामीणों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण के साथ-साथ चौड़ीकरण का कार्य भी किया जाता, तो इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती थी। वर्तमान स्थिति में लोगों का दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और समय की भारी बर्बादी हो रही है।
अब देखना यह है कि प्रशासन और संबंधित विभाग इस समस्या पर कब ध्यान देते हैं और विंढमगंज–कोन मार्ग पर चौड़ीकरण का कार्य कब तक शुरू किया जाता है, ताकि आमजन को जाम की समस्या से राहत मिल सके और आवागमन सुचारू रूप से संचालित हो सके।















