नई दिल्ली (Akshay Kumar School Failure Story). बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार आज सफलता के उस मुकाम पर हैं, जहां पहुंचना करोड़ों का सपना होता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि स्क्रीन पर बड़े-बड़े स्टंट्स करने और करोड़ों की डील साइन करने वाले अक्षय कुमार कभी क्लास में फेल होने पर अपने पिता के सामने थर-थर कांप रहे थे? हाल ही में बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार ने अपनी स्कूल लाइफ का ऐसा राज खोला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया.
पिता की बात बन गई सक्सेस मंत्र
अक्षय कुमार ने क्विज रिअलिटी शो Wheel of Fortune में अपनी जिंदगी का वह दौर याद किया, जब वह पहली बार स्कूल में फेल हुए थे. उन्हें डर था कि उनके पिता उनकी पिटाई करेंगे. लेकिन उस दिन जो हुआ, उसने उनकी सोच बदल दी. उनके पिता ने उन्हें गले लगाया और ऐसी बात कही जो अक्षय के लिए सफलता का मंत्र बन गई. आज जहां बच्चों पर टॉपर बनने का दबाव है, वहीं अक्षय कुमार का यह किस्सा माता-पिता के लिए भी सबक है.
तीन बार हुए फेल, फिर भी नहीं हारी हिम्मत
अक्षय कुमार कहते हैं कि पढ़ाई जरूरी है, लेकिन वह एकमात्र रास्ता नहीं है. अगर आपमें कोई और हुनर है तो उसे निखारें. अक्षय कुमार ने बताया कि उनका मन पढ़ाई में ज्यादा नहीं लगता था. वह केजी से 9वीं क्लास के दौरान तीन अलग-अलग मौकों पर फेल हुए. उस समय उनके लिए स्कूल जाना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था. अक्षय कहते हैं कि वह बिल्कुल एवरेज छात्र थे, लेकिन खेलकूद और मार्शल आर्ट्स में उनका कोई मुकाबला नहीं था.
पिता के रिएक्शन ने बदल दी जिंदगी
अक्षय कुमार ने इस शो में वह किस्सा साझा किया जब वह फेल होकर घर आए थे. उन्हें लगा था कि घर में तूफान आएगा. उनके पिता ने पूछा, क्यों फेल हुए? अक्षय ने डरे हुए स्वर में जवाब दिया कि उन्हें समझ नहीं आया. उनके पिता ने उन्हें डांटने के बजाय कहा, कोई बात नहीं, तुम पढ़ाई में भले पीछे हो, लेकिन तुम स्पोर्ट्स में बहुत अच्छे हो. उसी पर ध्यान दो. अक्षय कहते हैं कि पिता के उस भरोसे ने ही उन्हें आज सफलता के शिखर तक पहुंचाया है.
क्या पढ़ाई जरूरी नहीं है?
बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार का मानना है कि शिक्षा जिंदगी का सिर्फ आधार है, वह आपकी पूरी जिंदगी नहीं है. सुपरस्टार अक्षय कुमार आज के युवाओं को सलाह देते हैं कि अगर आप एकेडमिक्स में अच्छे नहीं हैं, तो अपनी उस प्रतिभा को पहचानें जिसमें आप माहिर हैं. चाहे वह पेंटिंग हो, स्पोर्ट्स हो या एक्टिंग- बस अपना 100% उसी में झोंक दें.
अक्षय कुमार का आज का ‘रिपोर्ट कार्ड’
आज अक्षय कुमार बॉलीवुड के सबसे व्यस्त और सबसे ज्यादा टैक्स भरने वाले एक्टर्स में शामिल हैं. उनकी साख उनकी मेहनत और अनुशासन से है, न कि स्कूल में हासिल किए गए उनके ग्रेड्स से. उनका यह खुलासा ऐसे समय में आया है, जब देश में बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे आने वाले हैं. ऐसे में स्टूडेंट्स को तनाव कम करने में मदद मिलेगी.













