कोन । जनपद सोनभद्र के कोन क्षेत्र में इन दिनों पेट्रोल-डीजल की किल्लत से आमजन जीवन प्रभावित हो रहा है। क्षेत्र के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति बाधित होने से वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर पेट्रोल व डीजल पूरी तरह समाप्त हो चुके हैं, जबकि जहां ईंधन उपलब्ध है वहां लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं। घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।ईंधन संकट के कारण दैनिक कार्यों पर व्यापक असर पड़ा है।

निजी वाहन चालकों के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन भी प्रभावित हो रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। विशेष रूप से मालवाहक वाहनों को डीजल न मिलने से बाजारों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर असर पड़ने लगा है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां भी धीमी पड़ रही हैं।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अचानक आपूर्ति ठप होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। कई लोग आवश्यक कार्य समय पर नहीं कर पा रहे हैं, वहीं किसान व छोटे व्यापारी भी इससे प्रभावित हो रहे हैं। पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ के कारण अव्यवस्था की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है।उधर, जिम्मेदारों का कहना है कि आपूर्ति व्यवस्था को शीघ्र सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने जनता से अपील की है कि घबराहट में अनावश्यक भीड़ न लगाएं और संयम बनाए रखे जल्द ही स्थिति में सुधार होगा और ईंधन की उपलब्धता सुचारु कर दी जाएगी।


