कोन/सोनभद्र। क्षेत्र में इन दिनों पैन कार्ड बनवाने को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ती दिखाई दे रही है। जगह-जगह लगाए गए सूचना बैनरों के माध्यम से लोगों को बताया जा रहा है कि 31 मार्च के बाद पैन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया में अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता पड़ सकती है।प्रचारित जानकारी के अनुसार अभी तक केवल आधार कार्ड के माध्यम से पैन कार्ड बनवाने की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन 31 मार्च के बाद आधार के साथ एक अतिरिक्त पहचान दस्तावेज देना अनिवार्य हो सकता है।

इसी कारण ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में जन सेवा केंद्रों पर लोगों की संख्या बढ़ने लगी है।स्थानीय स्तर पर लोगों से अपील की जा रही है कि जो भी व्यक्ति अभी तक पैन कार्ड नहीं बनवा पाया है, वह समय रहते आवेदन कर ले ताकि आगे किसी प्रकार की प्रशासनिक या बैंकिंग परेशानी न हो। पैन कार्ड आज बैंक खाता, सरकारी योजना, आयकर कार्य, छात्रवृत्ति और अन्य कई जरूरी कार्यों के लिए आवश्यक दस्तावेज बन चुका है।कचनरवा क्षेत्र स्थित जन सेवा केंद्र पर भी लोगों को इस संबंध में जानकारी देकर आवेदन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। केंद्र प्रभारी द्वारा बताया गया कि अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण प्रतिदिन काफी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।जनहित में लोगों से अपील की गई है कि समय रहते अपना पैन कार्ड बनवाकर आवश्यक दस्तावेज पूरे रखें।


