सलैयाडीह के कोन मोड़ मार्ग पर हाईमास्ट लाइट से जगमगाया क्षेत्र, ग्रामीणों में हर्ष

विंढमगंज (सोनभद्र)। ग्राम पंचायत सलैयाडीह के कोन मोड़ मार्ग पर हाईमास्ट लाइट लगने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से बेहतर प्रकाश व्यवस्था की मांग कर रहे ग्रामीणों को अब बड़ी राहत मिली है। विधान परिषद सदस्य क्षेत्र विकास निधि योजना के अंतर्गत 12.50 मीटर ऊंची हाईमास्ट लाइट का निर्माण एवं स्थापना कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
मंगलवार, 16 जून 2026 को दोपहर लगभग 2 बजे हाईमास्ट लाइट को चालू किया गया, जिसके बाद पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा। इस जनहितकारी कार्य के लिए क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य श्यामनारायण सिंह (विनीत सिंह) के प्रयासों की ग्रामीणों ने सराहना की। कार्यदायी संस्था जिला पंचायत सोनभद्र द्वारा इस परियोजना को सफलतापूर्वक पूरा कराया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि कोन मोड़ मार्ग क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है, जहां रात के समय अंधेरे के कारण राहगीरों एवं वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। हाईमास्ट लाइट लगने से अब मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश रहेगा, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इस विकास कार्य को धरातल पर उतारने में ग्राम प्रधान सलैयाडीह के प्रतिनिधि अभिषेक प्रताप सिंह उर्फ किंशू सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने लगातार जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से संपर्क बनाकर इस कार्य को पूरा कराने में विशेष योगदान दिया।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों, जिला पंचायत तथा ग्राम पंचायत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है, जिससे पूरे सलैयाडीह क्षेत्र को लाभ मिलेगा।










