Last Updated:
Venezuela Earthquake: लैटिन अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप ने व्यापक पैमाने पर तबाही मचाई है. एक मिनट के अंदर आए ताबड़तोड़ दो झटकों ने सैकड़ों-हजारों मकानों को जमींदोज कर दिया. प्राकृतिक हादसे में कम से कम 10000 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई गई है. स्थानीय समय के अनुसार, शाम 6 बजे आए भूकंप के झटकों ने वेनेजुएला के एक हिस्से को मलबे में तब्दील कर दिया. राहत एवं बचावकर्मी मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुटे हैं. (सभी तस्वीरें – Reuters)
वेनेजुएला में स्थानीय समय के अनुसार, शाम 6 बजे आए दो बेहद शक्तिशाली भूकंपों ने व्यापक तबाही मचाई. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था, जिसका केंद्र राजधानी कराकस से करीब 160 किलोमीटर पश्चिम में स्थित था. इसके एक मिनट से भी कम समय बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा जोरदार झटका आया. इन दोनों बड़े भूकंपों के बाद लगभग दो दर्जन आफ्टरशॉक्स भी दर्ज किए गए, जिससे पहले से डरे-सहमे लोगों में दहशत और बढ़ गई. शुरुआती तस्वीरों और स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार कई इमारतें ढह गई हैं, बड़ी संख्या में लोग मलबे में फंसे हो सकते हैं और मृतकों की संख्या काफी अधिक होने की आशंका है.

USGS ने अपनी प्रारंभिक आकलन रिपोर्ट में चेतावनी दी है कि इस आपदा में मृतकों की संख्या 10000 से लेकर 100000 तक पहुंच सकती है. एजेंसी ने कहा कि भारी जनहानि और व्यापक नुकसान की आशंका है तथा यह आपदा बड़े इलाके को प्रभावित करने वाली साबित हो सकती है. वेनेजुएला की राष्ट्रीय सरकार ने मृतकों और घायलों का आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया था. इसके बावजूद स्थानीय अधिकारियों, चश्मदीदों और टेलीविजन फुटेज से हालात की गंभीरता साफ झलक रही है.

भूकंप के झटके स्थानीय समयानुसार शाम करीब 6 बजे महसूस किए गए. उस समय लोग अपने घरों, दफ्तरों और अपार्टमेंट में मौजूद थे. जैसे-जैसे झटकों की तीव्रता बढ़ी, लोग जान बचाने के लिए घरों और इमारतों से बाहर भागे. राजधानी कराकस सहित कई इलाकों में लोग रात होने के बाद भी सड़कों पर ही डटे रहे, क्योंकि लगातार आफ्टरशॉक्स के बीच घरों में लौटने का जोखिम उठाना उन्हें सुरक्षित नहीं लगा. कराकस के निवासी हेक्टर रिची ने बताया कि शुरुआत में झटके हल्के महसूस हुए, लेकिन धीरे-धीरे उनकी तीव्रता इतनी बढ़ गई कि सभी को घरों से बाहर निकलना पड़ा. एक अन्य स्थानीय निवासी रोबर्टो गामास ने कहा, ‘इमारत एक तरफ से दूसरी तरफ बुरी तरह हिल रही थी. यह अविश्वसनीय था. झटकों की ताकत बेहद ज्यादा थी. हम सड़क पर चल रहे थे और ऐसा लग रहा था मानो जमीन हमें उछाल रही हो. अपार्टमेंट के भीतर सब कुछ गिर गया. शुक्र है कि हम समय रहते बाहर निकल आए.’
Add News18 as
Preferred Source on Google

स्थानीय प्रशासन ने कई इलाकों में इमारतों, मकानों और अन्य ढांचों के ढहने की पुष्टि की है. वेनेजुएला के आंतरिक मंत्री दियोसदादो काबेलो ने सरकारी टेलीविजन पर कहा कि कई भवन, घर और आवासीय ढांचे गिर गए हैं और सरकार अपने पास उपलब्ध सभी संसाधनों के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है. उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड, पुलिस, सिविल डिफेंस और अन्य आपदा राहत एजेंसियों को तत्काल सक्रिय कर दिया गया है. टेलीविजन फुटेज में कराकस में एक ढही हुई इमारत के मलबे के बीच राहतकर्मी लोगों की तलाश करते नजर आए. कई स्थानों पर परिजन अपने प्रियजनों के मलबे में फंसे होने की आशंका के बीच मदद की गुहार लगाते दिखाई दिए. कई जगहों पर सड़कें तक फट गईं.

पूर्वी कराकस के चाकाओ नगरपालिका क्षेत्र के मेयर गुस्तावो ड्यूक ने स्थानीय प्रसारक ग्लोबोविजन से कहा कि उनके इलाके में कम से कम दो इमारतें ढह गई हैं. उन्होंने 16 लोगों के घायल होने की पुष्टि की, साथ ही यह भी कहा कि मौतें हुई हैं, लेकिन उन्होंने मृतकों की सटीक संख्या नहीं बताई. ड्यूक ने कहा कि राहत दल अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं.

इस बीच, वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश में आपातकालीन घोषणा लागू करने की बात कही है. राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के दौरान गिरफ्तारी के बाद से डेल्सी रोड्रिगेज जनवरी से देश का नेतृत्व कर रही हैं. उन्होंने सरकारी टेलीविजन पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए भूकंप में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उनके साथ राष्ट्रीय असेंबली के प्रमुख जॉर्ज रोड्रिगेज और गृह मंत्री दियोसदादो काबेलो भी मौजूद थे. डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा कि सरकार ने आपदा से निपटने के लिए आपातकालीन तंत्र सक्रिय कर दिया है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत, चिकित्सा सहायता तथा बचाव अभियान तेज किया जा रहा है.

सरकार ने यह भी बताया कि कराकस के पास स्थित माइक्वेटिया अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को भूकंप से हुए नुकसान के कारण बंद कर दिया गया है. यह फैसला राहत कार्यों के बीच परिवहन और सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. हवाईअड्डे के बंद होने से अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों पर असर पड़ सकता है, जबकि आपदा के समय राहत सामग्री और विशेषज्ञ टीमों की आवाजाही भी चुनौतीपूर्ण हो सकती है. भूकंप के केंद्र और उसके प्रभाव को दर्शाने वाले मानचित्र के अनुसार उत्तरी वेनेजुएला में सबसे तीव्र झटके सैन फेलिपे के आसपास महसूस किए गए, जबकि कराकस की ओर बढ़ते हुए उनकी तीव्रता कुछ कम हुई. इसके बावजूद राजधानी और आसपास के इलाकों में नुकसान गंभीर बताया जा रहा है. विशेषज्ञों का मानना है कि दो बड़े भूकंपों का इतने कम अंतराल में आना और उसके बाद लगातार आफ्टरशॉक्स दर्ज होना विनाशकारी स्थिति पैदा कर सकता है.

फिलहाल पूरे वेनेजुएला की नजर राहत और बचाव अभियान पर टिकी है. जैसे-जैसे मलबा हटेगा और दूरदराज के इलाकों से जानकारी सामने आएगी, इस आपदा की वास्तविक तस्वीर और भयावह हो सकती है. शुरुआती संकेत बता रहे हैं कि यह हाल के वर्षों में लैटिन अमेरिका की सबसे विनाशकारी प्राकृतिक आपदाओं में से एक साबित हो सकती है.












