What is Weapon Systems Officer: जंग सिर्फ गोलियों और मिसाइलों से नहीं जीती जाती, बल्कि दिमाग, तकनीक और सेकंड के फैसलों से भी तय होती है. जब आसमान में फाइटर जेट उड़ते हैं तो हर कोई पायलट को ही असली हीरो मानता है, लेकिन असल सच्चाई इससे कहीं ज्यादा जटिल है. ईरानी मीडिया में दावा किया गया कि अमेरिकी एफ-15 जेट मार गिराया गया. इस खबर के बाद एक और खबर आई कि पायलक को बचा लिया गया है और एक वेपन सिस्टम्स ऑफिसर लापता है. अचानक यह सवाल चर्चा में आ गया कि आखिर यह वेपन सिस्टम्स ऑफिसर कौन होता है? क्यों इसके लापता होने पर अमेरिका अपनी पूरी ताकत झोंक देता है? यह सिर्फ एक सैनिक नहीं, बल्कि पूरे मिशन का ‘दिमाग’ होता है, जिसके बिना आधुनिक युद्ध अधूरा माना जाता है.
क्या है वेपन सिस्टम्स ऑफिसर और क्यों है इतना अहम?
वेपन सिस्टम्स ऑफिसर, जिसे आम भाषा में ‘Wizzo’ कहा जाता है, दो-सीट वाले लड़ाकू विमानों जैसे F-15E Strike Eagle में पायलट के साथ बैठने वाला दूसरा सबसे महत्वपूर्ण सदस्य होता है. जहां पायलट विमान को उड़ाने और बचाने पर ध्यान देता है, वहीं WSO हथियारों, सेंसर और टारगेटिंग सिस्टम का पूरा कंट्रोल संभालता है. यह दुश्मन के ठिकानों को पहचानता है, उन्हें लॉक करता है और सही समय पर हमला सुनिश्चित करता है.
WSO के लापता होने का मतलब है कि दुश्मन के हाथ संवेदनशील जानकारी लग सकती है. (फोटो Reuters)
आधुनिक युद्ध में ‘दिमाग’ की लड़ाई
आज की जंग सिर्फ ताकत की नहीं, बल्कि तकनीक और सटीकता की है. WSO इस बदलाव का सबसे बड़ा प्रतीक है. वह तय करता है कि हमला कब और कैसे होगा. उसकी एक गलती मिशन को खतरे में डाल सकती है. लेकिन उसका एक सही फैसला युद्ध का रुख बदल सकता है.
- दो-सीट वाले फाइटर जेट में पीछे बैठा यह अधिकारी चार बड़ी स्क्रीन के जरिए पूरे युद्धक्षेत्र पर नजर रखता है. वह दुश्मन के रडार से बचने की रणनीति बनाता है और जरूरत पड़ने पर पायलट की मदद से विमान को सुरक्षित निकालता है. यही वजह है कि उसे ‘हथियारों का उस्ताद’ यानी वेपन सिस्टम्स ऑफिसर कहा जाता है.
- हालिया घटना ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि आधुनिक हवाई युद्ध में जीत सिर्फ पायलट के कौशल पर निर्भर नहीं करती. यह एक टीम वर्क है, जिसमें WSO की भूमिका उतनी ही अहम है. उसकी मौजूदगी ही मिशन को सफल बनाती है और उसकी अनुपस्थिति पूरे सिस्टम को कमजोर कर सकती है.
वेपन सिस्टम्स ऑफिसर का मुख्य काम क्या होता है?
WSO का काम सिर्फ बटन दबाना नहीं होता, बल्कि वह पूरे युद्ध के दौरान रणनीतिक निर्णय लेता है. वह रडार, इंफ्रारेड सेंसर, इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सिस्टम को ऑपरेट करता है और दुश्मन के टारगेट की पहचान करता है. इसके अलावा वह मिसाइल और बम के इस्तेमाल का सही समय तय करता है, जिससे हमला सटीक और प्रभावी हो सके.
पायलट और WSO में क्या अंतर होता है?
पायलट का फोकस विमान को उड़ाने, दिशा बदलने और खतरे से बचाने पर होता है. वहीं WSO का काम तकनीकी और रणनीतिक होता है. वह पूरे युद्धक्षेत्र को स्क्रीन पर देखता है और पायलट को निर्देश देता है कि कब और कहां हमला करना है. यानी पायलट शरीर है, तो WSO दिमाग है.
WSO को इतना खास प्रशिक्षण क्यों दिया जाता है?
आधुनिक युद्ध में दुश्मन के एयर डिफेंस सिस्टम बेहद एडवांस होते हैं. ऐसे में WSO को सेंसर, हथियार प्रबंधन और इलेक्ट्रॉनिक काउंटरमेजर्स का गहरा प्रशिक्षण दिया जाता है. उसे हर सेकंड बदलती स्थिति में तुरंत फैसला लेना होता है, जो मिशन की सफलता या विफलता तय करता है.
CSAR मिशन इतना महत्वपूर्ण क्यों होता है?
कॉम्बैट सर्च एंड रेस्क्यू (CSAR) मिशन दुनिया के सबसे जटिल सैन्य ऑपरेशन में गिने जाते हैं. दुश्मन इलाके में गिरा हुआ सैनिक सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि अहम जानकारी और तकनीक का स्रोत भी होता है. उसे सुरक्षित वापस लाना रणनीतिक रूप से बेहद जरूरी होता है, इसलिए अमेरिका ऐसे मिशनों में पूरी ताकत झोंक देता है.
WSO के लापता होने का रणनीतिक असर क्या होता है?
WSO के लापता होने का मतलब है कि दुश्मन के हाथ संवेदनशील जानकारी लग सकती है. इसके अलावा यह एक प्रशिक्षित अधिकारी होता है, जिसे तैयार करने में सालों लगते हैं. इसलिए उसकी सुरक्षा और वापसी दोनों ही अमेरिका के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता होती हैं.


