Last Updated:
US-China Space War: अमेरिका की नजर अब धरती के बाद आसमान पर भी है. अमेरिका की संसद में एक ऐसा बिल पेश किया गया है, जिसमें साल 2030 तक अमेरिका का चांद पर ठिकाना बनाने का रोडमैप तैयार किया गया है. अगर नासा वहां स्थायी तौर पर अड्डा बनाएगी, तो ये उसे स्पेस की दौड़ में चीन से आगे पहुंचा देगा.
डोनाल्ड ट्रंप.
वॉशिंगटन: एक अमेरिकी सांसद ने ऐसा विधेयक पेश किया है, जिसमें नासा को 2030 तक चंद्रमा पर स्थायी ठिकाने के प्रारंभिक ढांचे स्थापित करने का निर्देश दिया गया है. उनका कहना है कि यह कदम अंतरिक्ष में चीन से बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच अमेरिका की नेतृत्व भूमिका बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है. कीथ सेल्फ ने नासा को 2030 तक चंद्रमा पर स्थायी ठिकाने की स्थापना के लिए निर्देशित करने वाला विधेयक पेश किया, जो आर्टेमिस II मिशन के प्रक्षेपण के एक दिन बाद सामने आया. यह मिशन पांच दशकों से अधिक समय में पहली मानवयुक्त उड़ान है जो चंद्र कक्षा तक गई.
इस प्रस्ताव का उद्देश्य मौजूदा अमेरिकी अंतरिक्ष कानून में संशोधन करना है और 31 दिसंबर 2030 तक प्रारंभिक ठिकाना स्थापित करने की समयसीमा तय करता है. कीथ सेल्फ ने कहा- ‘कल रात अमेरिका ने दुनिया को याद दिलाया कि हम पृथ्वी के सबसे महान अंतरिक्ष यात्री देश हैं लेकिन जश्न मनाना कोई रणनीति नहीं है. अगर हमें अंतरिक्ष में अपनी नेतृत्व भूमिका बनाए रखनी है, तो हमें चंद्रमा पर स्थायी रूप से मानव उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी.’
क्या-क्या है विधेयक में?
- विधेयक के मुताबिक नासा प्रशासक को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर प्रारंभिक बुनियादी ढांचा स्थापित करना होगा. यह क्षेत्र जल-बर्फ की मौजूदगी के कारण रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है, जिसे रॉकेट ईंधन में बदला जा सकता है. साथ ही यहां हीलियम-3 और दुर्लभ खनिज भी पाए जाते हैं.
- सेल्फ ने इस मिशन को आर्थिक और रणनीतिक दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि चंद्रमा केवल एक जगह नहीं है बल्कि यह एक नए औद्योगिक युग की नींव है. यहां के संसाधन अंतरिक्ष निर्माण, खनन और निर्माण कार्यों की अगली पीढ़ी को आगे बढ़ाएंगे.
- उन्होंने कहा कि अमेरिकी कंपनियां पहले से ही इस दिशा में तकनीक विकसित कर रही हैं लेकिन उन्हें सरकार के निरंतर समर्थन और चंद्रमा पर स्थायी उपस्थिति की जरूरत है. यह विधेयक ऐसे समय में आया है जब चाइना नेशनल स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन ने भी दशक के अंत तक चंद्रमा के इसी क्षेत्र में एक अनुसंधान स्टेशन स्थापित करने की योजना बनाई है.
चीन से पहले अमेरिका के पहुंचने की होड़
सेल्फ ने कहा- ‘चीन की कम्युनिस्ट पार्टी अंतरिक्ष में हमारा साझेदार नहीं बल्कि प्रतिस्पर्धी है और वह जीतने के इरादे से आगे बढ़ रही है. चंद्र संसाधनों पर अंतरराष्ट्रीय कानून अभी स्पष्ट नहीं है, जो देश पहले वहां स्थायी उपस्थिति स्थापित करेगा, वही नियम तय करेगा.’ आर्टेमिस II मिशन में चार अंतरिक्ष यात्री ओरियन स्पेसक्राफ्ट के जरिए चंद्रमा के पास से गुजरेंगे. यह 1972 के बाद पहला मानवयुक्त गहरे अंतरिक्ष का मिशन है. सेल्फ का मानना है कि स्थायी चंद्र ठिकाना अमेरिका के लिए आर्थिक लाभ भी लाएगा. उन्होंने कहा कि चंद्रमा पर ठिकाना बनने से अमेरिका में रोजगार, नवाचार और राष्ट्रीय गौरव को बढ़ावा मिलेगा. नेतृत्व करने का यह मौका खुला है और यह विधेयक सुनिश्चित करता है कि हम इसे गंवाएं नहीं. यह प्रस्ताव पहले नासा रिएथराइजेशन एक्ट के हिस्से के रूप में पेश किया गया था, जिसे फरवरी में समिति की मंजूरी मिली थी और अब इसे एक अलग विधेयक के रूप में दोबारा पेश किया गया है.
About the Author
News18 में इंटरनेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं. टीवी पत्रकारिता का भी अनुभव है और इससे पहले Zee Media Ltd. में कार्य किया. डिजिटल वीडियो प्रोडक्शन की जानकारी है. टीवी पत्रकारिता के दौरान कला-साहित्य के साथ-साथ अंतरर…और पढ़ें


