Last Updated:
Stock To Buy : एफएमसीजी सेक्टर की दिग्गज कंपनी मारिको लिमिटेड (Marico Ltd) के शेयरों ने सोमवार को 52- हफ्ते के नए उच्चतम स्तर को छूआ. बाजार में भारी उतार-चढ़ाव और कमजोरी के बावजूद मारिको के शेयरों में दिखी यह मजबूती निवेशकों के भरोसे को दर्शाती है. पैराशूट और सफोला जैसे घरेलू ब्रांड्स बनाने वाली इस कंपनी के स्टॉक ने बीएसई (BSE) पर 769.25 रुपये के स्तर पर पहुंच गया. मारिको शेयर पर ब्रोकरेज भी बुलिश हैं.
कंपनी के तीसरी तिमाही (Q3) के शानदार नतीजों के बाद निवेशक उत्साहित हैं और जमकर निवेशक कर रहे हैं. मारिको ने बताया है कि पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में उसका कंसोलिएटिड राजस्व (Consolidated Revenue) 20 फीसदी के ऊपरी स्तर पर बना हुआ है. कंपनी ने का कहना है कि वह पूरे वित्त वर्ष के लिए निर्धारित किए गए अपने विकास लक्ष्यों को सफलतापूर्वक हासिल करने की मजबूत स्थिति में है.

कंपनी के इस सकारात्मक अपडेट के बाद दिग्गज ब्रोकरेज हाउस मारिको के स्टॉक पर बुलिश (Bullish) नजर आ रहे हैं. एंटिक स्टॉक ब्रोकिंग ने मारिको लिमिटेड पर अपनी पुरानी ‘BUY‘ रेटिंग को न केवल बरकरार रखा है, बल्कि लक्ष्य भी बढ़ा दिया है. ब्रोकरेज का मानना है कि आने वाले समय में मारिको का मुख्य पोर्टफोलियो और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क कंपनी की आय में बड़ा इजाफा करेगा.

एंटिक स्टॉक ब्रोकिंग ने मारिको के लिए 900 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है, जो मौजूदा भाव से लगभग 20 फीसदी ज्यादा है. ब्रोकरेज रिपोर्ट में कहा गया है कि वैल्यू ऐडेड हेयर ऑयल (VAHO) सेगमेंट में लगातार बनी हुई मजबूत ग्रोथ कंपनी के लिए गेमचेंजर साबित हो रही है. इसके साथ ही प्रीमियम पर्सनल केयर उत्पादों की बढ़ती भूमिका कंपनी के मुनाफे के मार्जिन को और अधिक लाभदायक बना रही है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने भी मारिको के प्रदर्शन पर अपनी संतोषजनक प्रतिक्रिया देते हुए 865 रुपये का टारगेट प्राइस सेट किया है. हालांकि, ब्रोकरेज ने सावधान किया है कि पैराशूट नारियल तेल के वॉल्यूम में सालाना आधार पर करीब 2 फीसदी की मामूली गिरावट आ सकती है. इसके बावजूद, एमएल-एज (ML-age) में कटौती के तकनीकी असर को समायोजित करने के बाद कंपनी का आधारभूत प्रदर्शन सकारात्मक बना रहने की पूरी उम्मीद है.

नुवामा की रिपोर्ट के अनुसार, वैल्यू ऐडेड हेयर ऑयल पोर्टफोलियो सालाना आधार पर लगभग 22 फीसदी की दर से बढ़ सकता है, जो उनके पिछले अनुमान से काफी बेहतर है. अंतरराष्ट्रीय कारोबार में भी तेजी का रुख बना हुआ है और यहां सालाना आधार पर 22 फीसदी की वृद्धि का अनुमान लगाया गया है. यह आंकड़ा पहले के 20 फीसदी के अनुमान से अधिक है, जो वैश्विक बाजारों में मारिको की बढ़ती पकड़ को साबित करता है.

एडिबल ऑयल सेगमेंट की बात करें तो सफोला (Saffola) के प्रदर्शन में तिमाही आधार पर कुछ सुस्ती देखने को मिल सकती है. ब्रोकरेज का कहना है कि पहले की गई कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब धीरे-धीरे खत्म हो रहा है, जिससे मार्जिन पर थोड़ा दबाव दिख सकता है. हालांकि, फूड्स पोर्टफोलियो फिलहाल स्थिर है.

मारिको के शेयरों के हालिया प्रदर्शन पर नजर डालें तो पिछले एक महीने में इसमें 3.53 फीसदी और तीन महीने में 7.30 फीसदी की बढ़त दर्ज की है. इसने दो साल में 39 फीसदी और पांच साल में 81 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है. सोमवार की तेजी के बाद बीएसई पर कंपनी का कुल मार्केट कैप बढ़कर 99,018.13 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया है.

(Disclaimer: यहां बताए गए स्टॉक्स ब्रोकरेज हाउसेज की सलाह पर आधारित हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)


