सोनभद्र जनपद के विंढ़मगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोरूखाड में सोमवार रात्रि लगभग 10:00 बजे NH-39 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान चंद्रमणी यादव उर्फ पारस यादव पुत्र खुशहाल यादव, उम्र लगभग 23 वर्ष, निवासी ग्राम जोरूखाड के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक किसी कार्य से सड़क किनारे गया हुआ था, तभी तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर विंढ़मगंज थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु “मर्चरी” (Mortuary) हाउस दुद्धि भेज दिया गया । पुलिस प्रशासन द्वारा दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी पकड़ लिया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक की शादी अभी हाल ही में 12 मई 2026 को हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।











