हाल ही में एनसीआर रियल एस्टेट की दो बड़ी कंपनियों एम3एम इंडिया और स्मार्टवर्ल्ड डेवलपर्स ने भारत में अल्ट्रा लक्जरी घर लॉन्च करने के लिए एली साब के साथ साझेदारी की है. यह पहला प्रोजेक्ट होगा जब एली साब भारत में रियल एस्टेट सेक्टर में रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट से सीधे जुड़ रहा है. ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि इस दौरान लग्जरी घर और प्रोजेक्ट डिजाइन की सिग्नेचर स्टाइल और हाई-एंड फिनिशिंग देखने को मिलेगी.
मिलेनियल्स और जेन-जी की डिमांड हैं हाई
रियल एस्टेट से जुड़े एक्सपर्ट की मानें तो मिलेनियल्स और जेन-जी की ग्लोबल डिमांड्स को देखते हुए भारत का रियल एस्टेट बाजार लगातार लक्जरी मार्केट में बदलता जा रहा है. यह नई पीढ़ी उच्च स्तर के डिजाइन, उत्कृष्ट शिल्पकला और जीवनशैली में वैश्विक मानक चाहती है. यही वजह है कि एनसीआर ही नहीं भारत के कई बड़े शहरों के डेवलपर्स कुछ न कुछ नया और ग्लोबल टेक्नोलॉजी से लेकर ग्लोबल फैशन को अपने प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बना रहे हैं.
ये अल्ट्रा लक्जरी प्रोजेक्ट दिल्ली-एनसीआर में गुरुग्राम के सेक्टर 111, स्मार्ट सिटी दिल्ली एयरपोर्ट के इलाके बिलियनेयर्स ब्लॉक और नोएडा के सेक्टर 98 में बने हैं. इन्हें इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि यह शानदार शहरी माहौल के बीच प्राइवेसी, अच्छी कनेक्टिविटी और उच्च स्तर का जीवन प्रदान करें. इसमें एली साब का इंटीरियर्स कौशल देखने को मिलेगा. इस दौरान घर के अंदर और साझा क्षेत्रों में एली साब मैसन कलेक्शन के खास फर्नीचर और सजावटी सामान का इस्तेमाल होगा. बताया जा रहा है कि इसे ELIE SAAB और डिजाइनर कार्लो कोलंबो ने मिलकर तैयार किया है और कॉर्पोरेट ब्रांड A++ ग्रुप के लाइसेंस के तहत इटली में बनाया है.
इस रेसिडेंस में कुल 300 एक्सक्लूसिव घर होंगे, जिनमें 4-बेडरूम वाले फ्लैट शामिल हैं. इनका एरिया 4,200 से 4,650 वर्ग फीट तक होगा. इन 4-बेडरूम रेसिडेंस में वॉटरफ्रंट व्यू, ऊंची छतें, चारों तरफ खुला डेक और आउटडोर लिविंग स्पेस में प्राइवेट जकूजी जैसी सुविधाएं बनाई जाएंगी.
इस बारे में एम3एम इंडिया के प्रमोटर और स्मार्टवर्ल्ड डेवलपर्स के फाउंडर पंकज बंसल कहते हैं, ‘एली साब (ELIE SAAB) के साथ हमारा लक्ष्य ऐसे सोच-समझकर डिजाइन किए गए परिवेश प्रदान करना है जो वैश्विक मानकों को दर्शाते हों. यह प्रयास भारत के प्रीमियम घर खरीदारों की बदलती उम्मीदों को पूरा करने के साथ-साथ प्रधानमंत्री के उस दृष्टिकोण के अनुरूप भी है, जिसमें स्थानीय बाजार में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ विशेषज्ञता लाने पर जोर दिया गया है.’


