फोर्ट लॉडरडेल (अमेरिका): स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने अपने करियर का 900वां गोल करके अपनी कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ दिया. मेसी ने इंटर मियामी की तरफ से खेलते हुए बुधवार की रात को नैशविले के खिलाफ कॉनकाफ चैंपियंस कप राउंड ऑफ 16 मैच के शुरुआती मिनटों में गोल करके यह उपलब्धि हासिल की.
लगातार दो बार मेजर लीग सॉकर के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, आठ बार बैलोन डीओर विजेता और विश्व कप चैंपियन मेसी ने हमेशा की तरह अपने बाएं पैर से यह गोल किया, उन्हें खेल के सातवें मिनट में बॉक्स के बीच में पास मिला, उन्होंने गेंद को नियंत्रित किया और डिफेंडरों के बीच से उसे गोल पोस्ट के अंदर पहुंचा दिया.
आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार क्रिस्टियानो रोनाल्डो एकमात्र ऐसे पुरुष खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 900 से ज्यादा गोल किए हैं. रोनाल्डो ने यह उपलब्धि हासिल करने में मेसी से लगभग 100 मैच ज्यादा खेले. रोनाल्डो ने सितंबर 2024 में अपने करियर के 900 गोल पूरे किए, उस समय उनकी उम्र 39 वर्ष थी, जबकि मेसी जून में 39 वर्ष के होंगे.
इस ऐतिहासिक गोल ने फुटबॉल जगत से बाहर के सितारों का भी ध्यान आकर्षित किया. बास्केटबॉल हॉल ऑफ फेमर मैजिक जॉनसन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि मेसी का 900 गोल तक पहुंचना ‘अविश्वसनीय उपलब्धि है.’
कुछ लोगों का मानना है कि ब्राजील के दिग्गज पेले ने अपने करियर में 1,000 गोल का आंकड़ा पार कर लिया था, हालांकि आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार उन्होंने लगभग 800 गोल किए थे. विभिन्न स्रोतों के अनुसार पेले ने लगभग 1300 गोल किए थे, इनमें से कुछ गोल उन्होंने निचले स्तर की टीमों के खिलाफ किए थे, पेले ने लीग मैचों में लगभग 650 गोल किए थे.
नैशविले ने हालांकि मेसी को इस उपलब्धि का जश्न नहीं मानने दिया, क्योंकि उसने इंटर मियामी को 1-1 से ड्रॉ पर रोका और अपने प्रतिद्वंद्वी के घरेलू मैदान पर गोल करने के आधार पर टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, पिछले हफ्ते नैशविले में राउंड ऑफ 16 के पहले चरण में गोलरहित ड्रॉ खेला था.
यह उपलब्धि मेसी के करियर में अनगिनत पुरस्कारों और उपलब्धियों में शामिल हो गई है, इनमें ला लीगा के शीर्ष स्कोरर के रूप में आठ ट्रॉफी, छह बार ला लीगा के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार, तीन बार सर्वश्रेष्ठ फीफा पुरुष खिलाड़ी का पुरस्कार, तीन बार यूईएफए पुरुष प्लेयर ऑफ द ईयर का पुरस्कार, दो फीफा विश्व कप गोल्डन बॉल और 15 बार अर्जेंटीना का वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना जाना शामिल हैं.
मेस्सी ने क्लब और देश के लिए 47 ट्रॉफियां जीती हैं, जिनमें अर्जेंटीना के लिए 2022 विश्व कप और इंटर मियामी के साथ पिछले सत्र का एमएलएस खिताब शामिल है. इस तरह वह पुरुष फुटबॉल के इतिहास में सबसे अधिक खिताब जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. मेसी लगभग दो दशक तक बार्सिलोना की तरफ से खेलते रहे और उन्होंने अपने आधे से अधिक गोल स्पेन के इस क्लब की तरफ से ही किए हैं.


