Last Updated:
भारतीय फुटबॉल टीम को थाईलैंड से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा. थाईलैंड के लिए बेंजामिन डेविस और पोरामेट अर्जविलई ने गोल किए. सुनील छेत्री का हेडर थाईलैंड के गोलकीपर ने बचा लिया.
भारत थाईलैंड फुटबॉल
पथुम थानी (थाईलैंड): एशियाई कप क्वालीफाइंग दौर के महत्वपूर्ण मैच से पहले भारतीय टीम को बुधवार को यहां अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैत्री मैच में थाईलैंड से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा. थाईलैंड के लिए बेंजामिन डेविस और पोरामेट अर्जविलई ने क्रमश: आठवें और 59वें मिनट में गोल किए, जिससे घरेलू टीम ने थम्मासैट स्टेडियम में मैच पर दबदबा बनाए रखा.
भारत ने इस हार से पहले दोनों टीमों के बीच हुए पिछले दो मैचों जीत हासिल की थी. विश्व रैंकिंग में 99वें स्थान पर काबिज थाईलैंड ने हालांकि इस मुकाबले में 127वें पायदान पर काबिज भारत को ज्यादा मौके नहीं दिए.
करिश्माई खिलाड़ी सुनील छेत्री के पास मैच के 24वें मिनट में गोल करने का मौका था, लेकिन उनके शानदार हेडर को थाईलैंड के गोलकीपर सरनोन अनुई ने डाइव लगाकर बचा लिया. छेत्री ने 2019 एएफसी एशियाई कप में थाईलैंड के खिलाफ भारत की 4-1 की जीत में दो गोल किए थे. भारत ने उसी साल ( 2019 में) किंग्स कप में भी थाईलैंड को 1-0 से हराया था.
यह मैच 10 जून को कोवलून में हांगकांग के खिलाफ भारत के एएफसी एशियाई कप क्वालीफाइंग दौर के महत्वपूर्ण मैच की तैयारी का हिस्सा था. थाईलैंड के लिए भी यही स्थिति थी क्योंकि उन्हें एएफसी एशियाई कप के आखिरी दौर के क्वालीफायर में तुर्कमेनिस्तान का सामना करना है.
About the Author
फरवरी 2025 से नेटवर्क 18 समूह में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में एक दशक का अनुभव. बतौर रिपोर्टर कई नेशनल-इंटरनेशनल इवेंट के साक्षी. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से करियर की शुरुआत. जागरण न्यू मीडिया…और पढ़ें


