गैस सिलेंडर बुकिंग में दिक्कत से उपभोक्ता परेशान, समय पर नहीं मिल पा रहा सिलेंडर
कचनरवा/सोनभद्र:-
क्षेत्र में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। गैस उपभोक्ताओं का कहना है कि सिलेंडर की बुकिंग कराने में उन्हें लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।


उपभोक्ताओं के अनुसार, फोन कॉल के माध्यम से गैस बुकिंग करने की कोशिश करने पर कॉल नहीं लग रही है या सिस्टम में तकनीकी समस्या बताई जा रही है। वहीं कई लोगों ने बताया कि ऑनलाइन माध्यम से बुकिंग करने पर भी प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है, जिससे उन्हें बार-बार प्रयास करना पड़ रहा है।
इस समस्या के कारण कई घरों में रसोई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। खासकर गृहिणियों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है, क्योंकि गैस सिलेंडर खत्म होने के बाद नया सिलेंडर समय पर नहीं मिल पा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई उपभोक्ता मजबूरी में गैस एजेंसी का चक्कर लगाने को मजबूर हैं, लेकिन वहां भी उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
उपभोक्ताओं ने संबंधित गैस एजेंसी और प्रशासन से मांग की है कि बुकिंग में आ रही इस समस्या का जल्द समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और उन्हें समय पर गैस सिलेंडर मिल सके।











