Last Updated:
Fifa World Cup 2026: इंग्लैंड ने लाटविया को 5-0 से हराकर विश्व कप में जगह बनाई, हैरी केन ने दो गोल किए. रोनाल्डो के 41 गोल के बावजूद पुर्तगाल को हंगरी से ड्रॉ के कारण इंतजार करना होगा.
इंग्लैंड वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई
लंदन: इंग्लैंड अगले साल होने वाले फुटबॉल विश्व कप में जगह बनाने वाला यूरोप का पहला देश बन गया है, लेकिन क्रिस्टियानो रोनाल्डो और पुर्तगाल को हंगरी के खिलाफ इंजरी टाइम में गोल गंवाने के कारण अपना टिकट बुक करने के लिए इंतजार करना होगा.
इंग्लैंड ने लाटविया पर 5-0 से जीत हासिल की, जिसमें कप्तान हैरी केन ने पहले हाफ में दो गोल किए. इससे इंग्लैंड ने दो मैच शेष रहते अपने ग्रुप में पहला स्थान पक्का कर लिया. इंग्लैंड इस तरह से लगातार आठवें विश्व कप में भाग लेगा. इंग्लैंड की टीम ने जर्मन कोच थॉमस ट्यूशेल के मार्गदर्शन में अब तक क्वालीफाइंग के छह मैचों में एक भी गोल नहीं खाया है. केन ने मैच के बाद कहा:
कभी-कभी यह आसान बन जाता है, लेकिन क्वालीफाई करना मुश्किल भी हो सकता था. हम किसी भी टीम के खिलाफ खेलें, हम हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करते हैं.
उधर लिस्बन में खेले गए मैच में 40 वर्षीय रोनाल्डो के दो गोल की बदौलत पुर्तगाल ने हंगरी पर 2-1 की बढ़त बना ली थी और वह अगले साल अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होने वाले विश्व कप में जगह बनाने के बेहद करीब पहुंच गया था.
इस मैच में जीत से पुर्तगाल का अपने ग्रुप में पहला स्थान पक्का हो जाता, लेकिन डोमिनिक सोबोस्लाई ने इंजरी टाइम के पहले मिनट में गोल करके स्कोर 2-2 कर दिया, इससे रोनाल्डो और पुर्तगाल का विश्व कप में जगह सुरक्षित करने का इंतजार बढ़ गया.
रोनाल्डो विश्व कप क्वालीफायर में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. उनके नाम पर अब 41 गोल दर्ज हो गए हैं. उन्होंने ग्वाटेमाला के खिलाड़ी कार्लोस रुइज (39 गोल) को पीछे छोड़ा.
पिछले दो विश्व कप में जगह बनाने में नाकाम रहने वाले इटली ने इजरायल को 3-0 से हराकर कम से कम प्लेऑफ में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है. इटली की टीम अभी अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर है. वह नॉर्वे से तीन अंक पीछे है, जिसका गोल अंतर कहीं बेहतर है.
स्पेन ने बुल्गारिया को 4-0 से हराकर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है. वह तुर्किए से तीन अंक आगे है, जिसने जॉर्जिया को घरेलू मैदान पर 4-1 से हराया.
About the Author
फरवरी 2025 से नेटवर्क 18 समूह में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में एक दशक का अनुभव. बतौर रिपोर्टर कई नेशनल-इंटरनेशनल इवेंट के साक्षी. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से करियर की शुरुआत. जागरण न्यू मीडिया…और पढ़ें


