Last Updated:
Cristiano Ronaldo White House Donald Trump: फुटबॉल सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बुलावे पर मंगलवार रात रखे गए उस डिनर पार्टी में पहुंचे, जहां सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान खास मेहमान थे. फुटबॉल स्टार को ईस्ट रूम में सबसे सामने जगह मिली थी.
क्रिस्टियानो रोनाल्डो की डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात
वॉशिंगटन: दुनिया के टॉप फुटबॉलर्स में शुमार क्रिस्टियानो रोनाल्डो मंगलवार रात दुनिया के सबसे शक्तिशाली घर में थे, वो घर जिसे वाइट हाउस कहते हैं. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का निवास स्थान. मौका था सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के सम्मान में रखी गई डिनर पार्टी का.
रोनाल्डो को ईस्ट रूम में वीआईपी सीट मिली थी, जहां से उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप और क्राउन प्रिंस को दोनों देशों के अधिकारियों के साथ-साथ ऐप्पल के सीईओ टिम कुक और टेस्ला के संस्थापक एलोन मस्क जैसे प्रमुख व्यापारिक नेताओं को संबोधित करते सुना.
डोनाल्ड ट्रंप ने इस दौरान क्रिस्टियानो रोनाल्डो का नाम विशेष रूप से लिया. ट्रंप ने कहा कि जब उन्होंने अपने बेटे बैरन ट्रंप को रोनाल्डो से मिलवाया तो घर में उनकी इज्जत थोड़ी और बढ़ गई. ट्रंप के इस मजाकिया अंदाज के बाद हॉल में बैठा हर शख्स खुद को मुस्कुराने से रोक नहीं पाया.
बैरन को आपसे से मिलने का मौका मिला. और मुझे लगता है कि अब सिर्फ़ इस बात से कि मैंने आपको उनसे मिलवाया है, वह अपने पिता का थोड़ा और सम्मान करेंगे.
ट्रंप ने बताया कि उनका 19 साल का बेटा बैरन, रोनाल्डो का बहुत बड़ा फैन है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने एथलीट को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए धन्यवाद भी कहा.
वाइट हाउस में डिनर सेरेमनी के दौरान क्रिस्टियानो रोनाल्डो
रोनाल्डो 2022 के अंत में सऊदी क्लब अल-नासर में शामिल होने के बाद से सऊदी फुटबॉल लीग का चेहरा रहे हैं. इस क्लब के साथ खेलने के लिए रोनाल्डो को कथित तौर पर 200 मिलियन अमेरिकी डॉलर प्रति वर्ष की फीस मिलती है. 40 साल के रोनाल्डो ने इस साल जून में अल-नासर के साथ दो साल के कॉन्ट्रैक्ट पर साइन किया था. जिसका अधिकांश स्वामित्व सऊदी सॉवरेन वेल्थ फंड के पास है, जिसके अध्यक्ष क्राउन प्रिंस हैं.
वाइट हाउस में डिनर सेरेमनी के दौरान एलन मस्क
रोनाल्डो के लिए यह एक दुर्लभ अमेरिकी यात्रा थी, जिन्होंने 2014 के बाद से अमेरिका में कोई मैच नहीं खेला है. 2017 में जर्मन समाचार पत्रिका डेर स्पीगल ने बताया कि रोनाल्डो ने कई साल पहले एक महिला को चुप रहने के लिए 375,000 अमेरिकी डॉलर दिए थे, जिसने उन पर 2009 में लास वेगास के एक होटल में बलात्कार का आरोप लगाया था. रोनाल्डो के वकीलों ने कहा कि यह यौन संबंध सहमति से था और कभी कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया गया.


