—Advertisement—

,

चंद्रवंशी क्षेत्रीय चेतना एवं होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन, समाज की एकता और शिक्षा पर दिया गया जोर

Author Picture
Published On: March 15, 2026

—Advertisement—

दुद्धी, सोनभद्र। स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र के डीसीएफ कॉलोनी स्थित ग्रीन स्टार प्रतिष्ठान में चंद्रवंशी क्षेत्रीय चेतना एवं होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ भीम सिंह चंद्रवंशी उपस्थित रहे, जबकि मुख्य संरक्षक के रूप में रामचंद्र चंद्रवंशी शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में हरिराम चेरो, संजय सिंह धुर्वे, कमलेश मोहन तथा डॉ लवकुश प्रजापति मंचासीन रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी ने किया। समारोह का शुभारंभ महाराज जरासंध के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों का अंगवस्त्र, माल्यार्पण, स्मृति चिन्ह एवं बुके देकर स्वागत किया गया। साथ ही समाज हित में योगदान देने वाले पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया तथा दिवंगत पदाधिकारियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

अपने संबोधन में पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने चंद्रवंशी समाज की एकता और शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि समाज को संगठित होकर आगे बढ़ना चाहिए। समाजसेवी संजय सिंह धुर्वे ने होली मिलन समारोह की शुभकामनाएं देते हुए दुद्धी में जरासंध भगवान की प्रतिमा स्थापित कराने हेतु सहयोग देने का आश्वासन दिया।

डॉ लवकुश प्रजापति ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए समाज को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं महेश्वर चंद्रवंशी ने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भूलकर एकजुट रहने और शिक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

मुख्य संरक्षक रामचंद्र चंद्रवंशी ने महाराज जरासंध के इतिहास और चंद्रवंशी समाज की गौरवशाली परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज को राजनीति, शिक्षा और प्रशासनिक क्षेत्रों में आगे बढ़कर अपनी पहचान मजबूत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकता में निहित है।

मुख्य अतिथि डॉ भीम सिंह चंद्रवंशी ने समाज को शिक्षित और नशामुक्त बनने का संदेश दिया। उन्होंने चंद्रवंशी क्षेत्रीय चेतना संगठन के माध्यम से पूरे भारतवर्ष में समाज को एक मंच पर लाने की बात कही तथा दुद्धी में चंद्रवंशी चौपाल निर्माण हेतु सरकारी भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों का मन मोह लिया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। समारोह में विंध्यवासिनी गुप्ता, सुभाष प्रसाद चंद्रवंशी, पप्पू कुमार, जीत कुमार, राजेंद्र चंद्रवंशी, सिद्धनाथ, मिथिलेश निषाद, बबलू कुमार, मंटू चंद्रवंशी, विजय चंद्रवंशी, कन्हैया रवानी, प्रमोद रवानी, सत्येंद्र चंद्रवंशी, रोहित चंद्रवंशी, सत्यम, रवि चंद्रवंशी सहित सैकड़ों स्वजातीय लोग उपस्थित रहे।

(1) रघुवंशी वाइसहब-(प्रिंट मीडिया-संस्थापक एवं प्रधान संपादक) (2) डिजिटल भारत न्यूज़ -(डिजिटल मीडिया-संस्थापक एवं प्रधान संपादक) 📞 मोबाइल नंबर - 7403888881… Read More

Related News
Home
Facebook
Telegram
X