मां शबरी जयंती समारोह: शिक्षा व नशा मुक्ति पर दिया गया जोर

विंढ़मगंज/सोनभद्र स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम धूम में आज मां शबरी जयंती के अवसर पर भुइयां समाज द्वारा एक भव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड राज्य,उत्तर प्रदेश तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग, समाजसेवी एवं बुद्धिजीवी शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शबरी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
मुख्य अतिथि संजय सिंह गोड़ (बसपा विधानसभा प्रभारी, दुद्धी) ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर विशेष बल देते हुए कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए बच्चों को शिक्षित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को नशा मुक्ति का संदेश देते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज निर्माण में योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने भुइयां समाज के उत्थान के लिए मां शबरी की मूर्ति तथा ₹50,000 की नगद सहयोग राशि प्रदान की।कार्यक्रम के दौरान शबरी माता के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। झारखंड राज्य से आईं ममता भुइयां (पलामू लोकसभा प्रत्याशी) ने कहा कि मां शबरी ने भगवान राम के प्रति अटूट भक्ति, समर्पण और सादगी का जो आदर्श प्रस्तुत किया, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि हमें भगवान राम के पदचिह्नों पर चलकर अच्छे विचार और अच्छे कर्म अपनाते हुए अपने जीवन को सफल बनाना चाहिए।
सम्मेलन में समाज की एकता, संगठन की मजबूती तथा दहेज प्रथा का विरोध करते हुए दहेज न लेने का संकल्प भी दिलाया गया। वक्ताओं ने सामाजिक कुरीतियों को समाप्त कर शिक्षा और संस्कार को बढ़ावा देने पर जोर दिया।कार्यक्रम में अखिल भारतीय भुइयां समाज कल्याण समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान सेकरार अहमद (बसपा जिला उपाध्यक्ष), प्रभात भुइयां (भाजपा नेता, प्रदेश महामंत्री झारखंड), कमलेश भुइयां (प्रदेश अध्यक्ष), पप्पू भुइयां, रामनाथ भुइयां (ग्राम प्रधान, संरक्षक दुद्धी) सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
साथ में कई वक्ता ने अपना अपना विचार दिया मंच संचालन संतोष भुइयां ने किया।अंत में आयोजकों ने सभीअतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज को शिक्षा, संस्कार और सदाचार के मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में भारी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।


