विंढमगंज (सोनभद्र): ग्राम पंचायत मुडिसेमर में महाविष्णु यज्ञ व नवाह्न पारायण के उपलक्ष्य में भव्य कलश यात्रा

0

विंढमगंज (सोनभद्र): ग्राम पंचायत मुडिसेमर में महाविष्णु यज्ञ व नवाह्न पारायण के उपलक्ष्य में भव्य कलश यात्रा

विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मुडिसेमर में सतत वाहिनी नदी के तट पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में बाबा वेद मोहनदास ब्रह्मचारी के सान्निध्य में महाविष्णु यज्ञ एवं श्री रामचरित मानस नवाह्न पारायण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रथम दिन आज सुबह लगभग 10 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें लगभग एक किलोमीटर तक श्रद्धालुओं की लंबी कतार देखने को मिली।

इस पावन अवसर पर यजमान डोमन कुशवाहा, भगवान यादव, रामजन्म कुशवाहा, विद्यानंद यादव, विजय चौरसिया, कमलेश पाल, राजकुमार कुशवाहा सहित क्षेत्रीय पूर्व विधायक श्री हरिराम चेरो तथा हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु कलश यात्रा में सम्मिलित हुए। श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश धारण कर बाबा डीहवार से सटे छठ घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पवित्र जल भरा।

कलश यात्रा यज्ञशाला से प्रारंभ होकर मुडिसेमर मार्ग, मां काली मंदिर रोड, बैंक रोड, सब्जी मंडी, साहू चौक, हवाई गली, हलवाई चौक होते हुए भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान के समीप स्थित छठ घाट तक पहुंची। वहां बाहर से पधारे विद्वान ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चारण के पश्चात कलशों में जल की स्थापना की गई और फिर “जय श्रीराम” व “यज्ञ भगवान की जय” के गगनभेदी नारों के बीच कलशों को यज्ञशाला में विधिवत स्थापित किया गया।

बाबा वेद मोहनदास ब्रह्मचारी ने बताया कि क्षेत्र के सर्वांगीण कल्याण और मंगल कामना के उद्देश्य से स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से दूसरी बार इस महाविष्णु यज्ञ एवं नवाह्न पारायण का आयोजन किया जा रहा है। यज्ञ के दौरान प्रतिदिन विद्वान ब्राह्मणों द्वारा प्रवचन, रात्रि में रासलीला तथा विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई है। कलश यात्रा के दौरान यज्ञ समिति के कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय पुलिस बल पूरी सतर्कता के साथ श्रद्धालुओं की व्यवस्था और सुरक्षा में तैनात रहा।

Leave A Reply

Please enter your comment!
Please enter your name here