डाला रेलवे फाटक पर वैकल्पिक मार्ग की मांग तेज,बार-बार जाम से जनजीवन प्रभावित
सोनभद्र ब्यूरो चीफ दिनेश उपाध्याय-(ओबरा/सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)–डिजिटल भारत न्यूज टुडे नेटवर्क 24×7 LIVE
सोनभद्र/ओबरा।गजराज नगर से डाला जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित डाला रेलवे फाटक क्षेत्र के लिए गंभीर समस्या बनता जा रहा है। यह रेलवे लाइन अत्यंत व्यस्त रूट मानी जाती है,जहां पैसेंजर, मालगाड़ी और एक्सप्रेस ट्रेनों का लगातार आवागमन होता रहता है।परिणामस्वरूप दिन में कई बार फाटक बंद होने से दोनों ओर लंबी वाहनों की कतार लग जाती है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि फाटक पर वैकल्पिक मार्ग या ओवरब्रिज की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब एंबुलेंस जैसे आपातकालीन वाहन भी जाम में फंस जाते हैं।हाल के महीनों में एक नई समस्या भी सामने आई है। पहले यह फाटक ऑटो कंट्रोलिंग प्रणाली से संचालित होता था, लेकिन वर्तमान में ट्रेन गुजरने के बाद भी फाटक को मैन्युअल रूप से एक-एक साइड का लॉक खोलकर संचालित किया जा रहा है।


इस प्रक्रिया में अतिरिक्त समय लगने से जाम की स्थिति और विकट हो जाती है।आगामी कड़ी गर्मी को देखते हुए राहगीरों और वाहन चालकों को खुले आसमान के नीचे लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष कठिनाई होती है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं रेलवे विभाग से मांग की है कि डाला रेलवे फाटक पर शीघ्र वैकल्पिक मार्ग, अंडरपास या ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए तथा फाटक की स्वचालित व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए, जिससे जनमानस को राहत मिल सके।


