संदिग्ध महिला मौत मामले में बड़ा खुलासा, प्रेमी पर हत्या व एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज
विंढमगंज (सोनभद्र)।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरनाकछार के चरक पथली टोला में बीते शुक्रवार को फांसी के फंदे पर झूली महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मृतका के पति की तहरीर और गहन जांच के बाद पुलिस ने महिला के कथित प्रेमी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।मृतका के पति अमरेश पनिका द्वारा थाने में दिए गए नामजद प्रार्थना पत्र के आधार पर प्रभारी थाना अध्यक्ष शेष नारायण पांडे ने ग्रामीणों व परिजनों से पूछताछ कर जांच कराई।

जांच के उपरांत पड़ोस में रहने वाले खरभूलन शर्मा उर्फ बबल शर्मा पुत्र कृष्ण शर्मा के विरुद्ध बीएनएस की धारा 105, 238, 352 एवं 3(2)5 एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।प्रार्थना पत्र में अमरेश पनिका ने बताया कि वह परिवार के भरण-पोषण के लिए बाहर रहकर मजदूरी करता है। पत्नी की मौत की सूचना मिलने पर जब वह घर पहुंचा और दाह संस्कार के बाद परिवार से घटना के संबंध में जानकारी ली, तो उसका बड़ा पुत्र अमित (उम्र 8 वर्ष) ने बताया कि घटना की रात पड़ोसी खरभूलन शर्मा घर आया था, उसने खाना खाया और महिला के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। इसके बाद रात में महिला को घर से बाहर ले जाकर आम के पेड़ में फांसी के फंदे पर लटकाकर उसकी हत्या कर दी।मामले में पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।


