सलैयाडिह सीता मोड़ के पास टिपर–मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर, नाबालिग छात्र गंभीर
विंढमगंज (सोनभद्र)।
विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सलैयाडिह ग्राम पंचायत के सीता मोड़ चौराहे से चंद कदम की दूरी पर शनिवार को एक टिपर और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार रेहान अंसारी (उम्र लगभग 15 वर्ष) पुत्र सलीम अंसारी, निवासी ग्राम बुटवेढवा, गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से हालत नाजुक देख उसे ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे रेहान अंसारी घर से यह कहकर निकला था कि वह कक्षा 9 में पढ़ने हेतु स्कूल जा रहा है। इसी दौरान किसी कार्यवश हरनाकछार ग्राम पंचायत की ओर से लौटते समय, सलैयाडिह ग्राम पंचायत स्थित सीता मोड़ चौराहे के पास झारखंड की ओर जा रही एक टिपर से उसकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेहान सड़क पर गिर पड़ा और उसे गंभीर चोटें आईं।
दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां मौके पर तैनात चिकित्सक डॉ. सत्येंद्र प्रसाद ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे उच्च चिकित्सा केंद्र/ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल टिपर को कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि घायल के परिजनों द्वारा प्रार्थना पत्र प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।


