विंढमगंज के मुडिसेमर गांव में क्षतिग्रस्त पुलिया बनी जानलेवा, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी – मरम्मत की मांग पर टालमटोल, हादसे का खतरा बढ़ा

0

विंढमगंज के मुडिसेमर गांव में क्षतिग्रस्त पुलिया बनी जानलेवा, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी – मरम्मत की मांग पर टालमटोल, हादसे का खतरा बढ़ा |

विंढमगंज (सोनभद्र): थाना क्षेत्र विंढमगंज के अंतर्गत ग्राम मुडिसेमर के खान मोहल्ले में जाने वाले मुख्य मार्ग पर बनी पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। यह पुलिया नदी पर स्थित है और अब इतनी जर्जर हो गई है कि कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसके बावजूद संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत ने अब तक मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और ग्रामीणों का आवागमन होता है, लेकिन पुलिया की खतरनाक स्थिति लोगों के लिए रोजाना परेशानी और जान के जोखिम का कारण बनी हुई है। स्थानीय ग्रामीण नन्हे खान, डब्लू खान, फैजान, रूमी, छोटू और इमरान सहित कई लोगों ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे को लेकर कई बार ग्राम प्रधान सरजू प्रसाद यादव से शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं मिला।

ग्राम प्रधान सरजू यादव ने सफाई देते हुए कहा, “मेरे पास इस तरह के कार्य के लिए कोई फंड उपलब्ध नहीं है और न ही भविष्य में आने की संभावना है, इसलिए मैं इस पुलिया की मरम्मत नहीं करा सकता।”

ग्राम प्रधान के इस बयान ने ग्रामीणों में नाराजगी को और बढ़ा दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ही पुलिया की मरम्मत नहीं की गई तो वे सामूहिक रूप से प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। स्कूली बच्चों के अभिभावकों में भी इस पुलिया से होकर बच्चों के गुजरने को लेकर गहरी चिंता है।

ग्रामीणों की स्पष्ट मांग है कि प्रशासन और संबंधित विभाग तत्काल संज्ञान लेकर पुलिया की मरम्मत कराएं, ताकि किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके। उनका कहना है कि “यह पुलिया लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ बन चुकी है, और अगर कोई दुर्घटना हुई तो उसकी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारी और ग्राम प्रधान दोनों की होगी।”

Leave A Reply

Please enter your comment!
Please enter your name here