दुद्धी आईटीआई में वृहद रोजगार मेला आयोजित, 745 अभ्यर्थियों ने लिया भाग, 325 का चयन |
दुद्धी, सोनभद्र।
सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में रविवार को विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), दुद्धी में एक वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 745 युवाओं ने प्रतिभाग किया, जिसमें से 325 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ।
चयन करने वाली प्रमुख कंपनियाँ:
1. GMR Smart Electricity Distribution Pvt. Ltd. – 42 चयन
2. Bharat Wire Ropes Ltd. – 36 चयन
3. New Holland Tractor – 39 चयन
4. CLR Services – 26 चयन
5. Maruti Suzuki Pvt. Ltd. – 51 चयन
6. SCN Garments – 41 चयन
7. Royal Classic, Chennai – 46 चयन
8. Hindalco Pvt. Ltd. – 42 चयन
9. L’Oréal Foundation – 2 चयन
उच्च वेतन पर चयन:
इस मेले में कु. शिप्रा सोनी, कु. मिरन साजिया एवं कु. ज्योति गुप्ता का चयन नंदी फाउंडेशन ट्रेनर के रूप में किया गया, जिन्हें प्रतिमाह ₹35,000 का वेतन (CTC) मिलेगा।

कुछ युवाओं में निराशा भी देखी गई:
हालांकि, मेले में कई ऐसे युवक-युवतियाँ भी शामिल हुए जिनका ट्रेड के अनुसार चयन नहीं हो पाया, जिससे वे निराश होकर लौटे। कुछ प्रतिभागियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि “हर बार ऐसे मेलों का आयोजन होता है, लेकिन चयन बेहद सीमित होता है। और अगर कहीं चयन हो भी जाता है, तो 6 महीने या एक साल के अंदर नौकरी से वापस भेज दिया जाता है।”
हरनाकच्छार गाँव से आए एक दिव्यांग युवक ने बताया कि उन्होंने 2021 में इलेक्ट्रिशियन ट्रेड से आईटीआई तथा अप्रेंटिस की पढ़ाई पूरी की है, लेकिन अब तक स्थानीय कंपनियों में रोजगार नहीं मिला। उन्होंने कहा, “मैं पैर से दिव्यांग हूं, इसलिए बाहर जाकर नौकरी करना कठिन है।”
उद्घाटन समारोह:
रोजगार मेले का उद्घाटन दुद्धी नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, मनोज सिंह उर्फ बबलू और संस्थान के नोडल प्रधानाचार्य रविन्द्र पटेल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर नकटू-बीजपुर के प्रधानाचार्य गोपाल दास, प्लेसमेंट अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव, अनुदेशक विनोद यादव सहित आईटीआई के समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।


