Last Updated:
एक्ट्रेस से राजनेता बनीं कंगना रनौत और कॉमेडियन वीर दास की 2014 में आई फिल्म ‘रिवॉल्वर रानी’ का एक पुराना विवाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है. सीनियर जर्नलिस्ट सिमी चंडोक के पुराने बयान के वायरल होने से ये मामला गर्माया है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि फिल्म के एक किसिंग सीन के दौरान कंगना रनौत इतनी बहक गईं कि उन्होंने वीर दास के होंठ काट दिए. इस मामले पर वीर दास ने चुप्पी तोड़ी है.
‘रिवॉल्वर रानी’ में कंगना रनौत और वीर दास ने साथ में काम किया है.
सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही इस कहानी को वीर दास ने पूरी तरह खारिज करते हुए इसे ‘कोरी कल्पना’ और ‘झूठी कहानी’ बताया है. सिद्धार्थ कन्नन के पॉडकास्ट पर सीनियर जर्नलिस्ट सिमी चंडोक नजर आईं. जहां उन्होंने इंडस्ट्री के साथ फिल्मी कलाकारों के लेकर बात की. बातों ही बातों में उन्होंने कंगना रनौत के इस ‘खूनी किस’ का भी जिक्र किया.
सिमी चंडोक के बयान से मची हलचल
सिमी चंडोक ने साल 2014 में आई कंगना की फिल्म का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि फिल्म ‘रिवॉल्वर रानी’ के सेट पर शूटिंग के दौरान कंगना अपने किरदार में इस कदर खो गईं कि डायरेक्टर के ‘कट’ बोलने के बाद भी नहीं रुकीं. उन्होंने वीर दास का होंठ काट दिया, जिससे खून बहने लगा था.
2023 में उड़ी थीं अफवाहें
यह कोई पहली बार नहीं है जब यह कहानी सामने आई है. इससे पहले साल 2023 में भी ऐसी ही अफवाहें उड़ी थीं. कंगना रनौत ने खुद इंस्टाग्राम स्टोरी पर मजाकिया अंदाज में लिखा था, ‘ऋतिक रोशन के बाद, क्या मैंने बेचारे वीर दास की इज्जत पर हाथ डाला? यह कब हुआ?’
वीर दास ने दिया जवाब
सोशल मीडिया पर जब एक यूजर ने वीर दास को टैग करते हुए पूछा कि वे इस पर चुप क्यों हैं? तो वीर दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसका सीधा जवाब दिया. उन्होंने लिखा- ‘ताकि ये साफ रहें, यह कहानी पूरी तरह से मनगढ़ंत है. कंगना सेट पर एक बेहतरीन प्रोफेशनल थीं और मैं आज भी मानता हूं कि वे एक बेहद प्रतिभाशाली कलाकार हैं. यह उनके खिलाफ सरासर गलत और झूठी बदनामी है. हालांकि, कुछ साल बाद मेरी कॉमेडी के लिए उन्होंने मुझे ‘आतंकवादी’ तक कह दिया था, लेकिन सेट पर… कोई समस्या नहीं थी.’ वीर दास के इस बयान ने साफ कर दिया है कि भले ही राजनीतिक या व्यक्तिगत विचारों में दोनों के बीच मतभेद हों, लेकिन काम के मामले में कंगना पूरी तरह से प्रोफेशनल थीं.
क्या है ‘रिवॉल्वर रानी’
आपको बता दें कि ‘रिवॉल्वर रानी’ का निर्देशन साई कबीर श्रीवास्तव ने किया था. फिल्म में कंगना रनौत ने एक दबंग महिला नेता का किरदार निभाया था, जबकि वीर दास बॉलीवुड एक्टर रोहन मेहरा की भूमिका में नजर आए थे. फिल्म में पीयूष मिश्रा, जाकिर हुसैन और जीशान कादरी भी अहम भूमिकाओं में थे. करीब 22 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी. फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 13 करोड़ रुपये का कारोबार ही कर पाई.
About the Author
.jpg)
शिखा पाण्डेय पिछले 15 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में एक्टिव हैं. शिखा दिसंबर 2019 से न्यूज 18 हिंदी के साथ हैं और बतौर चीफ सब एडिटर के पद काम कर रही हैं. पिछले 6 सालों से वह एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही …और पढ़ें












