Last Updated:
फीफा विश्व कप 2026 की शुरुआत अगले महीने से हो रही है. फुटबॉल के इस सबसे बड़े टूर्नामेंट के लिए आधिकारिक एंथम सॉन्ग को रिलीज कर दिया गया है. पॉप स्टार शकीरा और बर्ना बॉय ने मिलकर दाई दाई बनाया है. इस बार फीफा विश्व कप में कुल 48 टीमें हिस्सा ले रही है, जिसे कुल 12 ग्रुप में बांटा गया है.
शकीरा और बर्ना बॉय
ज्यूरिख: फुटबॉल विश्व कप का आधिकारिक एंथम सॉन्ग घोषित कर दिया गया है. विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा ने शुक्रवार को कहा कि शकीरा और नाइजीरिया के गायक-गीतकार बर्ना बॉय ने मिलकर ‘दाई दाई’ गाना जारी किया है जो उत्तरी अमेरिका में 11 जून से शुरू होने वाले टूर्नामेंट का आधिकारिक गीत होगा. फीफा ने कहा, ‘‘दाई दाई फुटबॉल, संस्कृति और एकता का जीवंत नमूना है जो शकीरा और बर्ना बॉय की विश्व भर में जानी पहचानी ओजभरी आवाज और ऊर्जा का शानदार मिश्रण है.’’
कोलंबिया की गायिका शकीरा ने मई की शुरुआत में इस गीत का एक मिनट लंबा टीजर क्लिप साझा करके सोशल मीडिया पर लिखा था, ‘‘माराकाना स्टेडियम से पेश है ‘दाई दाई’, फीफा विश्व कप 2026 का ऑफिशियल एंथम सॉन्ग है.’’ फीफा ने कहा कि वह प्रमुख स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध इस गाने से मिलने वाली रॉयल्टी का उपयोग फीफा वैश्विक नागरिक शिक्षा कोष की मदद के लिए करेगा.
फाइनल से पहले होगा एक भव्य क्लोजिंग सेरेमनी
फीफा ने इसके साथ ही घोषणा की कि 19 जुलाई को न्यूजर्सी में होने वाले फाइनल के हाफटाइम के दौरान एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मैडोना, शकीरा और बॉय बैंड बीटीएस मुख्य कलाकार होंगे. विश्व कप अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा. बता दें कि फीफा विश्व कप 2026 को तीन देश मिलकर आयोजित कर रहे हैं. इसमें अमेरिका के अलावा कनाडा और मेक्सिको है.
48 टीमें विश्व कप में ले रही हैं हिस्सा
फीफा विश्व कप 2026 में इस बार कुल 48 टीमें हिस्सा ले रही है. इससे पहले साल 2022 में खेले विश्व कप में टीमों की संख्या 32 थी. इस बार के विश्व कप में कुल 12 ग्रुप बनाए हैं जो ए से शुरू होकर एल तक है. हर ग्रुप में चार-चार टीमों को रखा गया है. ग्रुप की सभी टीमें एक एक-दूसरे से एक-एक मैच खेलेगी. इस तरह 12 ग्रुप को मिलाकर कुल 72 मैच खेले जाएंगे. वहीं नॉकआउट को मिलाकर मैचों की संख्या 104 हो जाएगी. इस बार के टूर्नामेंट में नॉकआउट के लिए नया नियम बनाया गया है. हर ग्रुप से टॉप की 2 टीमें सीधे आगे बढ़ेंगी. वहीं सभी ग्रुप 12 ग्रुपों में से तीसरे स्थान पर रहने 8 बेस्ट टीमों को भी आगे बढ़ने का मौका, जिसके बाद राउंड ऑफ 32 के नॉकआउट की शुरुआत होगी.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें












