
मिर्जापुर।शनिवार सुबह 7:15 बजे जिला मुख्यालय से महज 2 किमी दूर कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारु का पुरा मोहल्ले में सीनियर वकील राजीव सिंह (45) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वकील रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी दो बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें रास्ते में रोककर सीने में तमंचा सटाकर गोली मार दी।पूरी वारदात मोहल्ले में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि गोली मारने के बाद जैसे ही हमलावर भागने लगे, उनकी बाइक बंद हो गई।

यह देखकर आसपास के लोग उन्हें पकड़ने दौड़े। खुद को घिरता देख हमलावरों ने भीड़ पर तमंचा तान दिया। डरकर लोग पीछे हट गए और आरोपी मौके से फरार हो गए।SP अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या के पीछे चुनावी रंजिश सामने आई है। मृतक राजीव सिंह की पत्नी ग्राम प्रधान हैं। हमलावर की पहचान कर ली गई है। वह भी वकील के गांव में प्रधानी का चुनाव लड़ चुका है। पुलिस के मुताबिक 7 महीने पहले भी हमलावर ने वकील राजीव सिंह से मारपीट की थी। दिसंबर 2025 में वकील राजीव ने अष्टभुजा पुलिस चौकी में शिकायत पत्र भी दिया था, लेकिन चौकी द्वारा प्रकरण को कंप्यूटर में दर्ज नहीं किया गया और कोई कार्यवाही नहीं की गई।SP ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।












