Last Updated:
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को मंगलवार रात 8 बजे तक की फाइनल डेडलाइन दी है. ईरान को तय समय में होर्मुज स्ट्रेट को हर हाल में खोलना होगा. अगर ईरान नहीं झुका तो उसके सभी पावर प्लांट और पुल तबाह होंगे. ट्रंप ने कहा, ‘पूरे देश पर एक ही रात में कब्जा हो सकता है’. उन्होंने वॉर क्राइम की चिंता को पूरी तरह से खारिज कर दिया. डिफेंस मिनिस्टर पीट हेगसेथ ने भी ईरान को बहुत कड़ी चेतावनी दी है.
ईरान ने डोनाल्ड ट्रंप के सीजफायर प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया है. (फाइल फोटो)
वॉशिंगटन. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को फिर से धमकी देते हुए कहा है कि पूरे देश को एक ही रात में तबाह किया जा सकता है और ‘वह रात कल हो सकती है’. ट्रंप ने ईरान के पुलों और बिजली संयंत्रों को नष्ट करने की धमकी देते हुए यह भी कहा कि उन्हें युद्ध अपराधों की ‘कतई’ चिंता नहीं है. अमेरिका के राष्ट्रपति ने चेतावनी दी कि अगर तेहरान मंगलवार को रात आठ बजे तक आत्मसमर्पण नहीं करता है तो ईरान के असैन्य बुनियादी ढांचे पर हमले किए जाएंगे. अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा, “आज सबसे अधिक हमले होंगे और कल, आज से भी अधिक हमले किए जाएंगे.”
इससे पहले ईरान ने 45 दिन के युद्धविराम के प्रस्ताव को खारिज करते हुए कहा कि वह युद्ध का स्थायी अंत चाहता है. ट्रंप ने अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा, “पूरे देश पर एक ही रात में कब्जा किया जा सकता है और वह रात कल हो सकती है.” उन्होंने कहा कि समझौता करने के लिए ईरान को दी गई मंगलवार रात आठ बजे की समयसीमा अंतिम है.
ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि वह या तो निर्धारित समयसीमा के भीतर होर्मुज स्ट्रेट खोले या बिजली संयंत्रों और पुलों पर हमले का सामना करने के लिए तैयार रहे. ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ ने बताया कि ईरान ने समझौते के बारे में पाकिस्तान के माध्यम से अमेरिका को अपना जवाब दे दिया है.
ईरान के लोग आजाद होना चाहते हैं
बातचीत के दौरान, ट्रंप से नागरिकों पर असर और ईरान के अंदर की स्थिति के बारे में भी सवाल किए गए. उन्होंने दावा किया कि ईरानी लोग चाहते हैं कि संघर्ष जारी रहे, ताकि वहां बदलाव आ सके. जब ईरानियों को बम धमाके नहीं सुनाई देते, तो वे परेशान हो जाते हैं. वे बमों की आवाज सुनना चाहते हैं, क्योंकि वे आजाद होना चाहते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि ईरान में विरोध प्रदर्शनों को क्रूर तरीके से दबाया जाता है, और अगर लोग सड़कों पर प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें गोली मार दी जाती है.
ईरान ने सीजफायर प्रस्ताव को दिखाया ठेंगा
काहिरा स्थित ईरानी राजनयिक मिशन के प्रमुख मुज्तबा फरदौसी पोर ने सोमवार को ‘एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा, “हम केवल युद्धविराम स्वीकार नहीं करेंगे. हम युद्ध की समाप्ति तभी स्वीकार करेंगे जब हमें यह गारंटी दी जाए कि हम पर दोबारा हमला नहीं किया जाएगा.” फरदौसी पोर ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरानी और ओमानी अधिकारी जहाजरानी के इस महत्वपूर्ण मार्ग के प्रशासन हेतु एक तंत्र विकसित करने पर काम कर रहे हैं.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें


