Last Updated:
गाजियाबाद के आरकेजीआईटी कॉलेज में आयोजित एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के साथ एक अप्रिय घटना घटी. शो के बीच में एक सिरफिरा फैन सिक्योरिटी घेरा तोड़कर अचानक स्टेज पर चढ़ गया और सिंगर के पैर छूने की कोशिश की. इस अचानक हमले से सुनंदा बुरी तरह घबरा गईं और चीखते हुए मंच छोड़कर चली गईं. सिक्योरिटी में चूक के कारण शो को बीच में ही रद्द कर दिया गया, जिससे फैंस को मायूसी हाथ लगी. पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है. यह घटना लाइव इवेंट्स में कलाकारों की सिक्योरिटी और प्राइवेसी पर गंभीर सवाल खड़े करती है.
कलाकारों की सुरक्षा पर सवाल. (फोटो साभार: Instagram/Videograb)
नई दिल्ली: गाजियाबाद के आरकेजीआईटी (RKGIT) कॉलेज में 3 अप्रैल की शाम को एक ऐसी घटना घटी, जिसने मशहूर पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा को बुरी तरह डरा दिया. दरअसल, सुनंदा वहां एक लाइव कॉन्सर्ट में अपने हिट गानों पर परफॉर्म कर रही थीं और माहौल काफी जोशीला था. तभी अचानक एक लड़का सुरक्षा घेरा तोड़कर सीधे स्टेज पर चढ़ गया. सुनंदा उस वक्त दर्शकों से बात कर रही थीं और बिल्कुल तैयार नहीं थीं कि कोई इस तरह करीब आ जाएगा. जैसे ही उस फैन ने उनके पैर छूने की कोशिश की, सुनंदा बुरी तरह घबरा गईं और डर के मारे उनके मुंह से चीख निकल गई. यह सब इतना अचानक हुआ कि वहां मौजूद हर कोई सन्न रह गया.
अफरातफरी के बाद सुनंदा ने तुरंत स्टेज छोड़ दिया और सिक्योरिटी कारणों से वापस आने से मना कर दिया. वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि वह कितनी डरी हुई थीं. वहीं, स्टेज पर चढ़ने वाला लड़का, जो कि उसी कॉलेज का छात्र बताया जा रहा है, वहां से हटने के बजाय दर्शकों की तरफ हाथ हिलाकर पोज देने लगा. बाद में पुलिस और बाउंसरों ने उसे पकड़ा और हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. सिंगर की टीम ने साफ कर दिया कि ऐसे माहौल में परफॉर्मेंस जारी रखना मुमकिन नहीं है, जिसके बाद शो को बीच में ही रद्द करना पड़ा. इससे वहां मौजूद हजारों छात्र और फैंस काफी निराश हुए, जो दूर-दूर से उनका गाना सुनने आए थे.
View this post on Instagram


