Last Updated:
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है. रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने रिलीज के मात्र चार दिनों में 454.12 करोड़ का नेट कलेक्शन करके आमिर खान की ‘दंगल’, ‘बाहुबली’ और ‘बजरंगी भाईजान’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. फिल्म को रविवार को भारी भीड़ मिली, जिससे इसने एक ही दिन में 114.85 करोड़ कमाए. जहां एसएस राजामौली और महेश बाबू जैसे दिग्गज इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ आलोचक इसे ‘प्रोपेगेंडा’ बताकर इसकी आलोचना भी कर रहे हैं.
धुरंधर की बॉक्स ऑफिस पर आंधी.
नई दिल्ली: रणवीर सिंह और आदित्य धर की जोड़ी ने बॉक्स ऑफिस पर बवंडर मचा दिया है, जिसकी कल्पना शायद ही किसी ने की होगी. ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने रिलीज होते ही कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड्स को धुआं-धुआं कर दिया है. 19 मार्च को पर्दे पर आई इस फिल्म ने महज चार दिनों के भीतर ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 450 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है. फिल्म की रफ्तार का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि रविवार 22 मार्च का पूरा फायदा उठाते हुए अकेले एक दिन में 114.85 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने रविवार 22 मार्च तक दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस से लगभग 500-550 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. ‘धुरंधर 2’ को लेकर दर्शकों की दीवानगी सिर चढ़कर बोल रही है. सिनेमाघरों के बाहर लंबी कतारें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं और हर शो लगभग हाउसफुल जा रहा है.
फिल्म की कामयाबी ने भारतीय सिनेमा के इतिहास के सबसे बड़े दिग्गजों को भी पीछे छोड़ दिया है. ‘धुरंधर 2’ ने आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ के उस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है, जो पिछले सात सालों से कोई नहीं हिला पाया था. इतना ही नहीं, सलमान खान की ‘बजरंगी भाईजान’ और प्रभास की ‘बाहुबली’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों की लाइफटाइम कमाई को भी रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ ने चंद दिनों में ही पीछे छोड़ दिया है. ट्रेड एनालिस्ट्स तो यहां तक कह रहे हैं कि जिस तरह से शनिवार और रविवार को 80% से ज्यादा की ऑक्यूपेंसी रही है, उसे देखकर लगता है कि यह फिल्म अभी और भी कई नए कीर्तिमान बनाएगी. इसके पेड प्रीमियर से ही 43 करोड़ की जो शुरुआत हुई थी, उसने पहले ही साफ कर दिया था कि बॉक्स ऑफिस पर कोई बड़ा तूफान आने वाला है.
‘धुरंधर 2’ को फिल्मी सितारे भी हुए मुरीद
फिल्म की इस जबरदस्त सफलता के बीच इसे लेकर फिल्मी सितारों और रिव्यू की राय भी दो हिस्सों में बंटी नजर आ रही है. एक तरफ महेश बाबू, अल्लू अर्जुन और एसएस राजामौली जैसे दिग्गजों ने फिल्म और रणवीर की एक्टिंग की जमकर तारीफ की है. शिल्पा शेट्टी ने तो रणवीर को ‘बब्बर शेर’ तक कह दिया है, वहीं ऋषभ शेट्टी ने इसे बेहद असरदार और दमदार बताया है. दूसरी तरफ, कुछ लोग इसकी आलोचना भी कर रहे हैं. पूर्व राजनेता रम्या और प्रकाश राज जैसे सितारों ने फिल्म की कहानी को लेकर सवाल उठाए हैं और इसे एक खास तरह का ‘प्रोपेगेंडा’ करार दिया है. हालांकि, इन तमाम विवादों और चर्चाओं का फिल्म की कमाई पर कोई खास असर नहीं दिख रहा और ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी जीत का परचम लहराती जा रही है.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें


