विंढमगंज,विकास खंड दुद्धी के ग्राम पंचायत बुटबेढ़वा स्थित कंपोजिट विद्यालय में बुधवार अपराह्न वार्षिकोत्सव, शारदा संगोष्ठी एवं शिक्षा चौपाल का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, वहीं “स्टूडेंट ऑफ द ईयर” का पुरस्कार कार्तिक कुमार को प्रदान किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि थाना प्रभारी एवं ग्राम प्रधान तारा देवी द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, राष्ट्रीय आविष्कार विज्ञान एवं इंस्पायर अवार्ड प्राप्त करने वाले छात्रों, खेलकूद में प्रथम स्थान हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है तथा उनकी छिपी प्रतिभाओं को निखारने का अवसर मिलता है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार कर उनके आत्मबल को मजबूत करें, जिससे वे जीवन में ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकें।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मेधा प्रतियोगिता में प्रत्येक कक्षा से पांच-पांच छात्रों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।कार्यक्रम का संचालन छात्रा रिया कुमारी, कार्तिक एवं उजमा ने संयुक्त रूप से किया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजकमल यादव ने बताया कि सत्र समापन के अवसर पर वार्षिकोत्सव के साथ शारदा संगोष्ठी एवं शिक्षा चौपाल का आयोजन अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार के सहयोग से संपन्न कराया गया।

उन्होंने बताया कि आगामी माह में “स्कूल चलो अभियान” एवं “स्कूल रेडीनेस कार्यक्रम” प्रारंभ किया जाएगा।इस मौके पर राम मूरत सिंह, योगेन्द्र यादव, उज्जवल मौर्य, श्याम सुंदर, राकेश गुप्ता, अंजू रानी, श्वेता जायसवाल, शालिनी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।


